उस्ताद नंद लाल जी की जयंती के अवसर पर 7 मार्च को हैदराबादी रामलीला ग्राउण्ड में होगा परिवार सम्मान समारोह का आयोजन.
BOL PANIPAT : परोपकारी उस्ताद नंद लाल जी की जयंती के अवसर पर कल दिनांक 7 मार्च को सनौली रोड स्थित हैदराबादी रामलीला ग्राउण्ड में परिवार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है जिसमें 118 परिवारों को उनके बुजुर्गों द्वारा दी गई सेवायों के लिए सम्मानित किया जाएगा। श्री राम मन्दिर धाम वार्ड नं. 7 के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योगपति खरैती लाल नारंग मुख्य अतिथि एवं अशोक बांगा विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उत्सव प्रबंधक पंकज आहुजा ने बताया कि मन्दिर समिति द्वारा अतीत में श्री राम मन्दिर से जुड़े बुजुर्ग, जोकि अब इस दुनिया में नहीं है उनके 118 परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर ‘कर्मयोगी का पथ हैदराबाद से पानीपत’ नामक वृत्तचित्र का भी प्रीमियर होगा। वृत्तचित्र के निर्देशक विकास शर्मा ने बताया कि इस लघु फिल्म में बताया गया है कि किस प्रकार उस्ताद नंद लाल अविभाजित भारत के दक्षिणी पंजाब के दूरदराज के गांव हैदराबाद में रहते हुए हथकरघा का कार्य प्रारंभ किया और किस प्रकार उन्होंने पूरे गांव को इस काम को सीखने के लिए प्रेरित किया। जिससे कृषि आधारित इस गांव की कायापलट होने लगी। विभाजन के बाद सभी हैदराबादी पानीपत पहुँचते हैं। जहां उस्ताद जी हथकरघा उद्योग को फिर से शुरू करने में जुट जाते हैं तथा विभाजन का दंश झेल रहे लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने में मदद करते हैं। इस अवसर पर श्री राम मन्दिर धाम वार्ड 7 के प्रधान कृष्ण लाल (कोटू) जुनेजा ने सभी क्षेत्रवासियों को आवाह्न करते हुए कहा कि कृपया कार्यक्रम में उपस्थित होकर जानें कि किस प्रकार हमारे बुजुर्गो ने अपने जीवन में संघर्षों का सामना करते हुए अपन जीवन निर्वाह किया एवं धर्म व सेवा के व्रत पर अडिग रहे।

Comments