Thursday, August 20, 2026
Newspaper and Magzine


शराब ठेके पर हमला कर तोड़फोड़ व लूट करने का एक आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 20, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 20 अगस्त : एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने गांव भंडारी स्थित शराब ठेके पर हमला कर तोड़फोड़ व नकदी लूट करने के एक आरोपी को बुधवार देर शाम सिवाह बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव उंटला निवासी अंशुल के रूप में हुई है।

एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि थाना मतलौडा में अदियाना गांव निवासी जसबीर पुत्र ईश्वर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने गांव भंडारी में वर्ष 2025 से 2027 तक शराब का ठेका लिया हुआ है। वह खुद भी ठेके पर बैठता है और गांव मुआना निवासी जयविंद्र को सेल्समैन रखा हुआ है। 4 अगस्त की शाम करीब 8 बजे जयविंद्र ठेके पर अकेला बैठा था। इसी दौरान साहिल व उसके साथ दो अन्य युवक ठेके पर आए और कम रेट में शराब की बोतल मांगने लगे। निर्धारित रेट से कम पर शराब देने से मना करने पर आरोपियों ने जयविंद्र के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी यह कहते हुए चले गए कि वे अपने साथियों को बुलाकर लाएंगे।
जयविंद्र ने फोन कर उसको घटना की जानकारी दी और ठेके पर आने को कहा। कुछ देर बाद साहिल व उसके साथ आए युवकों के अलावा अमन व विवेक उर्फ कालू निवासी भंडारी, कृष निवासी अदियाना और दो अन्य युवक हथियारों से लैस होकर ठेके पर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जबरन ठेके में घुसकर हमला कर दिया।
आरोपी अमन ने गंडासी से जयविंद्र पर वार किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया और गंडासी शराब की बोतलों पर जा लगी। जान बचाकर बाहर भागने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया और लात-डंडों से मारपीट की। किसी तरह बचकर जयविंद्र खेतों की ओर भाग गया। आरोपियों ने ठेके में जमकर तोड़फोड़ की। शराब की बोतलें और पेटियां तोड़ दीं तथा गल्ले में रखी शराब की बिक्री के करीब 30 हजार रुपए निकाल लिए। इसके अलावा ठेके के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों व डीवीआर को भी तोड़ दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। परिजन घायल जयविंद्र को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पानीपत लेकर पहुंचे। थाना मतलौडा में जसबीर की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने बुधवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर एक आरोपी को सिवाह बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अंशुल ने फरार अपने 6 साथी आरोपियों साहिल, विवेक, सोनू, अमन, कृष व जसविंद्र के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और उसके फरार साथी आरोपी गांव भंडारी में इकट्ठे बैठकर शराब पार्टी करते थे। उन सभी ने मिलकर शराब ठेके पर कम रेट में शराब न देने की रंजिश रखते हुए व दहशत बनाने के लिए शराब ठेके पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने वीरवार को आरोपी अंशुल को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त लाठी, डंडे व हथियार बरामद करने तथा फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply