स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी काबू. एक वारदात का खुलासा
छीना गया मोबाइल फोन व 500 रुपए बरामद
BOL PANIPAT : सीआईए वन की टीम ने गत जून में जसबीर कॉलोनी में पैदल जा रहे युवक से मोबाइल व पर्स छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को नूरवाला इन्द्रा बिहार कॉलोनी से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शुभम व अनिल निवासी इन्द्रा बिहार कॉलोनी पानीपत के रूप में हुई।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिह ने बताया पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ दोनों ने छीने गए 4 हजार रुपए में से ज्यादातर पैसे खाने पीने में खर्च कर दिए। आरोपियों के कब्जे से बचे 500 रूपए व छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया सोमवार को सीआईए वन की एक टीम गश्त के दौरान बरसत रोड पर मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म के दो युवक इन्द्रा बिहार कॉलोनी में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपी युवकों को काबू कर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपनी पहचान शुभम पुत्र कृष्णपाल व अनिल पुत्र विनय कुमार निवासी इन्द्रा बिहार कॉलोनी पानीपत के रूप में बताते हुए गत जून माह में जसबीर कॉलोनी में पैदल जा रहे एक युवक से मोबाइल फोन व पर्स छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। वारदात बारे थाना तहसील कैंप में जसबीर कालोनी निवासी हरीश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
थाना तहसील कैंप में जसबीर कॉलोनी निवासी हरीश पुत्र भीम सिंह ने शिकायत देकर बताया था कि वह 25 जून की देर साय करीब 10 बजे अपने चाचा जसबीर के घर से पैदल अपने घर जा रहा था। एशिया फैक्टरी के पास पहुंचा तो वहा दो अज्ञात लड़के बाइक को खड़ी कर बाते कर रहे थे। लड़को से थोड़ा आगे निकला तो पीछे से एक लड़के ने उसकी गर्दन पकड़ ली व दूसरे ने जेब से मोबाइल फोन व पर्स निकाल लिया और फरार हो गए। पर्स में ड्राइविंग लाइसेंस व 4 हजार रूपए थे। हरीश की शिकायत पर थाना तहसील कैंप में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379ए के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments