आई.बी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अंग्रेजी भाषा में दक्षता प्राप्ति से संबंधित विषय पर वेबीनार का आयोजन
BOL PANIPAT : आई.बी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अंग्रेजी विभाग के सौजन्य से “लेट अस थिंक इंग्लिश लेट अस माइंड आवर पीज एंड क्यूज” विषय पर एक दिवसीय वेबीनार का आयोजन किया गया | यह वेबीनार अंग्रेजी भाषा में दक्षता प्राप्त करने की रणनीतियों से संबंधित था | इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. आर.के.वर्मा दिल्ली विश्वविद्यालय से सम्बद्ध श्री अरबिंदो महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के सह – प्राध्यापक थे | उन्होंने अंग्रेजी भाषा में दक्षता प्राप्त करने के व्यवाहरिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला |
उन्होंने बताया कि इस भाषा में दक्षता तभी प्राप्त की जा सकती है जब विद्यार्थी अंग्रेजी के चारों पक्षों अर्थात पढ़ने, लिखने, सुनने व बोलने पर परिश्रम करें | उनके अनुसार नवीनतम शोधों से यह सिद्ध कर दिया है कि नई भाषा सीखने की कोई सीमा नहीं है तथा ऐसे भी उदाहरण हैं कि 75 वर्ष से अधिक आयु के लोगों ने भी रुचि लेकर विदेशी भाषाओं पर महारत प्राप्त की है |
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि वे अंग्रेजी भाषा में दक्षता प्राप्त करें क्योंकि इससे उन्हें विश्व के किसी भी कोने में रोजगार प्राप्ति के अवसर मिल सकते हैं | उनके अनुसार अंग्रेजी भाषा का ज्ञान होने के कारण ही भारत के लाखों युवाओं को आई.टी व कंप्यूटर के क्षेत्रों में विश्व भर में आजीविका प्राप्ति के सुअवसर मिले | अंग्रेजी विभागाध्यक्षा डॉ. मधु शर्मा ने कहा कि अंग्रेजी भाषा संसार को देखने व समझने के लिए एक खिड़की का काम करती है इसलिए अपनी मातृभाषा के साथ – साथ यदि हम अंग्रेजी भाषा में भी दक्ष होंगे तो जीवन में उन्नति करने के लिए हमें नए अवसर मिल जाएंगे |
इस वेबीनार का संचालन डॉ. विनय वाधवा ने किया तथा डॉ. निधि मल्होत्रा ने मुख्य वक्ता व 70 से अधिक प्रतिभागियों का धन्यवाद किया | इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग से प्रो. नीलम, डॉ. वंदना , प्रो. सोनल , प्रो. रेखा शर्मा , प्रो. शीला , प्रो. शिल्पा , प्रो. पूजा , प्रो. सुमन , प्रो. स्माइली , प्रो. मंजली , व प्रो. काजल उपस्थित रहे | इस वेबिनार का इन्टरनेट पर संचालन प्रो. अश्वनी गुप्ता व प्रो. विनय भारती ने किया |

Comments