बिजली की निर्माणाधीन लाइन के टावर से केबल चोरी करने वाले गिरोह के और दो आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई पानीपत पुलिस. 7 हजार रूपए बरामद.
BOL PANIPAT : 27 दिसंबर, थाना मतलौडा पुलिस मतलौडा से कवि गांव के लिए बन रही विधुत विभाग की 33 केवी लाइन के निर्माणाधीन टावर से केबल चोरी करने वाले गिरोह के और दो आरोपी को शुक्रवार को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपियों की पहचान सोनीपत के मुडलाना गांव निवासी दीपक उर्फ पपू व करनाल के निसिंग निवासी अंकित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों कैथ निवासी परविंदर उर्फ बिंद्र व मुडलाना निवासी सोनू के साथ मिलकर निर्माणाधीन टावर से केबल चोरी करना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ आरोपी अंकित की निसिंग गांव में कबाड़ी की दुकान है। आरोपी अंकित तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर बिजली सप्लाई लाइन से केबल चोरी कर स्क्रैप में खरीद लेता था। आरोपी अंकित ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसने मतलौडा में निर्माणाधीन लाइन के टावर से चोरी की केबल साथी आरोपियों से 40 हजार रूपए में खरीदकर आगे बेच दी। आरोपी दीपक के कब्जे से बचे 4800 रूपए व आरोपी अंकित के कब्जे से बचे 2200 रूपए बरामद हुए।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि आरोपी सोनू, परविंदर, अंकित व दीपक को गोहाना सदर थाना की मुडलाना चौकी पुलिस ने दिसंबर माह के पहले सप्ताह में गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में गोहाना सदर थाना क्षेत्र की बिजली केबल चोरी की वारदातों के अतिरिक्त मतलौडा थाना की चोरी की उक्त वारदात का खुलासा हुआ था। थाना मतलौडा में एबीआइ एनर्जी साल्युशन कंपनी के इंजिनियर दिगंबर सिंह निवासी कोसी कला मधुरा यूपी हाल कवि की शिकायत पर केबल चोरी का अभियोग दर्ज है।
थाना मतलौडा पुलिस ने गत दिनों आरोपी सोनू व परविंदर को सोनीपत जेल में प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सोनीपत जेल में बंद अपने साथी आरोपियों दीपक उर्फ पपू व अंकित के साथ मिलकर मतलौडा से कवि गांव के लिए बन रही विधुत विभाग की लाइन से केबल चोरी करना स्वीकारा था। दोनों आरोपियों के कब्जे से 6700 रूपए बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद पुलिस ने आरोपी अंकित व दीपक उर्फ पपू को प्रोडक्शन पर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

Comments