पेट्रोल पंप पर डकैती डालने गिरोह के एक आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई पानीपत पुलिस
BOL PANIPAT , 19 अगस्त : बबैल-राजाखेड़ी रोड पर शिव फ्यूल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर डकैती डालने वाले गिरोह के एक आरोपी को सीआईए टू पुलिस टीम मंगलवार को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपी साहिल उर्फ सुक्खा निवासी जफरपुर गन्नौर सोनीपत आर्म्स एक्ट के मामले में सोनीपत जेल में बंद था।
सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 में गांव बबैल निवासी नरेश पुत्र जसमेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह बबैल से राजा खेड़ी रोड पर स्थित शिव फ्यूल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर करीब 5 साल से सेल्समैन के तौर पर काम कर रहा है। 3 जुलाई की रात वह पेट्रोल पंप के ऑफिस में लेटा हुआ था। रात करीब 12:10 बजे सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। वह तेल डालने के लिए ऑफिस से बाहर आया तो कार से 6-7 युवक उतरे। सभी ने अपने चेहरों को सफेद कपड़े से ढक रखा था। तीन युवकों ने उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी, और अन्य युवक ऑफिस में घुस गए। दो आरोपियों के हाथ में देशी पिस्तौल थे। उन्होंने पिस्तौल के बट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसे काफी चोटें आईं। एक आरोपी ने उसका आईफोन छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। एक आरोपी ने खुद ही मशीन चलाकर कार की तेल की टंकी फुल कर ली, और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदल दी। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार में सवार होकर राजा खेड़ी की तरफ फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद उसने ऑफिस में जाकर देखा तो काउंटर के गल्ले में रखी पेट्रोल पंप की करीब सवा लाख रुपये की सेल के पैसे नहीं मिले। एलईडी भी टूटी हुई थी। उसने पीछे के कमरे में सो रहे पेट्रोल पंप मालिक राकेश को उठाकर पूरी घटना के बारे में बताया। राकेश उसे इलाज के लिए आर्टियोस अस्पताल लेकर पहुंचा। थाना सेक्टर 13/17 में नरेश की शिकायत पर बीएनएस की धारा 311, 310(2), 324(4), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि आरोपी साहिल उर्फ सुक्खा निवासी जफरपुर सोनीपत को बीते दिनों सोनीपत पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया था। सीआईए टू पुलिस टीम मंगलवार को आरोपी को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पूछताछ में आरोपी ने यूपी की शामली जेल में बंद अपने पांच साथी आरोपियों साबिर उर्फ बाबा, अमन, मोहसिन, जसबीर, शहनवाज तथा सोनीपत जेल में बंद वसीम के साथ मिलकर हथियारों के बल पर पेट्रोल पंप पर डकैती की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करेगी।

Comments