रातभर सड़कों पर मुस्तैद रही पानीपत पुलिस, 25 नाकों पर 771 वाहनों की जांच
नाइट डोमिनेशन अभियान में 72 वाहनों के चालान, एक वाहन इंपाउंड; 273 लोगों से की गई पूछताछ
BOL PANIPAT , 2 अक्टूबर । अपराध की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को लेकर पानीपत पुलिस ने रातभर सड़कों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस के निर्देश पर बीती वीरवार रात जिले में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अंतरराज्यीय एवं अंतर-जिला बॉर्डर सहित जिले के विभिन्न मार्गों, चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर 25 नाके लगाकर वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई।
नाइट डोमिनेशन अभियान रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक चला। इस दौरान थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों और पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी। पुलिस टीमों ने विभिन्न नाकों पर कुल 771 वाहनों को रुकवाकर गहन जांच की।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस द्वारा 72 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन को इंपाउंड किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों ने रात के समय सड़कों पर घूम रहे एवं संदिग्ध गतिविधियों की आशंका वाले 273 लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज अपनी पुलिस टीमों के साथ नाकों पर मुस्तैद रहे। पुलिस अधिकारियों ने नाकों पर वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी।
जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों ने विभिन्न नाकों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस टीमों द्वारा की जा रही जांच का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गहनता से जांच करने सहित आवश्यक निर्देश दिए।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि पानीपत पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य रात के समय पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना, अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करना, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए हैं कि अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान निरंतर प्रभावी ढंग से चलाए जाएं। अपराधों पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे। इनमें पुलिस को कई सफलताएं भी मिलती है।

Comments