पानीपत पुलिस ने गुम हुए 55 मोबाइल फोन ट्रेस कर मालिकों को लौटाए, 2 से 3 साल पहले गुम हुए मोबाइल भी मिले
मोबाइल वापस पाकर खिल उठे चेहरे, पानीपत पुलिस का जताया आभार
साइबर सेल ने तकनीकी माध्यमों से किए ट्रेस
BOL PANIPAT , 15 सितंबर : पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस की साइबर सेल ने गुम हुए 55 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। इनकी कीमत 14 लाख रुपए से अधिक है। मंगलवार को डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पानीपत पुलिस का आभार जताया।
डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि मोबाइल गुम होने के संबंध में लोगों ने हर समय पोर्टल व साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु व उनकी टीम ने तकनीकी माध्यमों से इन मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए लगातार प्रयास किए। टीम ने अलग-अलग कंपनियों के 55 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए। इनमें 7 हजार से लेकर 1.33 लाख रुपए तक कीमत के मोबाइल फोन शामिल हैं। इनमें कई मोबाइल ऐसे भी थे, जो 2 से 3 साल पहले गुम हुए थे और उनके मालिक उन्हें वापस मिलने की उम्मीद तक छोड़ चुके थे।
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने इससे पहले अगस्त माह में करीब 15 लाख रुपए कीमत के 55, जुलाई में 12 लाख रुपए कीमत के 50 तथा जून में 11 लाख रुपए से अधिक कीमत के 47 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को सौंपे थे।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत सीइआईआर आनलाईन पोर्टल पर या पुलिस की साइबर सेल में दे शिकायत
डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत सीइआईआर आनलाईन पोर्टल पर या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को मोबाइल फोन ट्रेस करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि गुम हुआ मोबाइल किसी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के हाथ लगने पर उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है। पानीपत पुलिस की साइबर सेल द्वारा लगातार तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल फोन को ट्रेस करने का प्रयास कर निरंतर जारी रहेगा।

Comments