चोरी की बाइक सहित युवक गिरफ्तार, नशे की लत पूरी करने के लिए चुराई
BOL PANIPAT , 22 मई : थाना किला पुलिस ने किला पार्क के पास एक युवक को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी रोहित के रूप में हुई है।

थाना किला प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि थाना किला पुलिस टीम को वीरवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि किला पार्क के पास संदिग्ध किस्म का एक युवक स्पलेंडर बाइक खड़ी कर खड़ा है। बाइक चोरी की होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान रोहित पुत्र विनोद निवासी राजीव कॉलोनी के रूप में बताई। बाइक के कागजात मांगने पर युवक बहाने बाजी करने लगा। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने बाइक 19 मई को राजीव कॉलोनी में दूध की डेयरी के बाहर से चोरी करना स्वीकारा। बाइक चोरी की उक्त वारदात बारे थाना किला में ऋषि पुत्र रतन निवासी राजीव कॉलोनी की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने उक्त बाइक चोरी की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह चोरी की बाइक को बेचने के लिए वीरवार को किला पार्क के पास ग्राहक की फिराक में आया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments