पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स ने 63वां इंडियन ऑयल दिवस पूरे जोश और उत्साहपूर्वक मनाया
BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने 1 सितंबर, 2022 को 63 वां इंडियनऑयल दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। इस दिवस को सकारात्मक एवं भव्य बनाने हेतु आज सुबह श्री एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) के नेतृत्व में पीआरपीसी परिवार के सदस्यों द्वारा वॉकथॉन, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण आदि कार्यक्रमों के साथ शुरुआत हुई।
इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया जिसमें 95 पानीपत रिफाइनरी वासियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके अलावा इस दिन को दान करने की कल्याणकारी पहल के रूप में चिह्नित करने के लिए जरूरतमंदों के लिए किताबें और कपड़े भी वितरित किए गए।
टीम पीआरपीसी ने कॉर्पोरेट कार्यालय के प्रसारण समारोह में ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) कनेक्ट होकर इंडियनऑयल के अध्यक्ष श्री एस एम वैद्य के व्ख्यान को सुना। इस अवसर पर पीआर एमसीआर में आयोजित पीआरपीसी का मुख्य कार्यक्रम भी सभी पीआरपीसीयनों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए जूम लिंक के माध्यम से लाइव वेबकास्ट किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष, इंडियन ऑयल के संदेश को जॉयदीप चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) द्वारा पढ़ा गया और सुक्ला मिस्त्री, निदेशक (रिफाइनरीज) का संदेश मुकुल अग्रवाल, मुख्य महाप्रबंधक (पी एवं यू) द्वारा पढ़ा गया।

इस अवसर पर टीम पीआरपीसी को संबोधित करते और बधाई देते हुए, एम एल डहरिया ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि हम भारत की प्रमुख और विश्वस्तरीए प्रशंसित तेल कंपनी का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस करते हैं। यह महारत्न कंपनी ‘फॉर्च्यून 500’ वैश्विक रूप से सूचीबद्ध कंपनियों में सर्वोच्च रैंक वाली सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा उद्यम है। यह वाकई हम सभी के लिए बड़े गर्व की बात है।
डहरिया ने उन पूर्ववर्तियों को भी याद और सलाम किया जिन्होंने देश के इस मंदिर “पीआरपीसी “ की एक मजबूत नींव रखी थी और उत्कृष्टता का मार्ग भी दिखाया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि इंडियन ऑयल ने वर्ष 2046 तक शुद्ध शून्य परिचालन उत्सर्जन हासिल करने की प्रतिबद्धता जताई है। यह वह वर्ष होगा जब भारत अपना 99वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा और स्वतंत्रता के 100 वें वर्ष में कदम रखेगा।
इस शुभ अवसर पर डहरिया द्वारा पीआरपीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और प्रमुख खेल हस्तियों का अभिनंदन किया गया। इसके अलावा, सर्वश्रेष्ठ सुझाव योजना पुरस्कार विजेताओं, मेधावी पुरस्कार विजेताओं और विषय विशेषज्ञ पुरस्कार विजेताओं को भी डहरिया द्वारा सम्मानित किया गया।
इससे पहले, कर्मचारी संघ एवं अधिकारी संघ के प्रतिनिधियों ने भी सम्मानित सभा को संबोधित करते हुये सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रभावशाली ढंग से उल्लेख किया कि वे इंडियन ऑयल की दुनिया में नंबर एक ऊर्जा कंपनी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

Comments