पीआरपीसी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2022 उत्साहपूर्वक मनाया
BOL PANIPAT :- 09 मार्च, 2022, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुई प्रगति का उत्सव मनाने का दिन है। हर साल 8 मार्च का दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी का अनुकरण करते हुए पानीपत रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में, 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी, मुख्य-महाप्रबंधकगण एवं पीआरपीसी की सभी महिला (विप्स) सदस्यों ने, इंडियन ऑयल के कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में वेब लिंक के माध्यम से सीधे जुड़कर इंडियनऑयल अध्यक्ष श्री एस एम वैद्य, बोर्ड के निदेशकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दिए गए लाइव प्रेरक संदेशों को बहुत ध्यान से सुना।
इसके पश्चात, श्री सिकदर ने पीआरपीसी टाउनशिप के सामुदायिक केंद्र में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन सभी मुख्य-महाप्रबंधकगण तथा विप्स सदस्यों (महिलाओं) की उपस्थिति में किया। श्री सिकदर ने अपना उद्घाटन भाषण देते हुए समारोह में उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इंडियनऑयल की महिलाएं हमेशा कड़ी मेहनत और चुनौतियों का बेहतर रूप से सामना करते हुए पूरे उत्साह के साथ काम करके अपना सर्वश्रेष्ठ देती हैं ताकि देश के, निगम के व अपने सपनों को भी पूरा कर सकें।

उन्होंने पीआरपीसी में महिला कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे अनुकरणीय योगदान की भी सराहना की और इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की उपलब्धियों को वर्ष में केवल एक दिन नहीं मनाया जाना चाहिए बल्कि उन्हें वर्ष के सभी 365 दिनों में सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस देश के साथ-साथ हमारे प्रतिष्ठित निगम इंडियन ऑयल के समावेशी विकास में हमारी महिला कर्मचारियों ने हमेशा से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर बोलते हुए, सुश्री रश्मि तिरु, मुख्य-महाप्रबंधक (मा संसा) ने व्यवसायिक और व्यक्तिगत जीवन दोनों में कामकाजी महिलाओं द्वारा निभाई जा रही विविध भूमिकाओं के बारे में बताया।
इस अवसर पर इस वर्ष के विषय “स्थाई कल के लिए आज लैंगिक समानता ” पर एक वेबिनार का आयोजन किया जिसमें डॉ अंजना विनोद, (TEDx स्पीकर, प्रकाशित लेखक और प्रतिष्ठित इकोनॉमिक टाइम्स पायनियर ऑफ द ईयर अवार्ड 2021 की विजेता) को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने भी अपने अमूल्य विचार साझा करते हुए महिलाओं द्वारा घर-परिवार, समाज व देश के लिए दी जा रही निस्वार्थ सेवाओं की सराहना की।

कार्यक्रम समापन से पहले महिला सदस्यों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत महिलाओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त की गई उपलब्धियों पर एक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। सुश्री अबीरा देब, विप्स समन्वयक, पीआरपीसी द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Comments