Friday, October 9, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत यातायात पुलिस की ब्लैक फिल्म लगाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई तेज, संजय चौक पर वेन्यू गाड़ी से फिल्म उतरवाकर किया 10 हजार का चालान

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 9, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 09 अक्तूबर । पानीपत यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने शुक्रवार को संजय चौक पर चेकिंग के दौरान एक वेन्यू गाड़ी को रोककर उसके शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म उतरवाई और वाहन का 10 हजार का चालान किया।

डीएसपी यातायात सुरेश कुमार सैनी ने कहा कि वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इससे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। काली फिल्म के कारण वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है। इसलिए वाहन चालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही अपने वाहनों का संचालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पानीपत यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी यातायात ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म न लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments


Leave a Reply