पानीपत की सभी तहसील व उपतहसील में सुचारू है पेपरलेस रजिस्ट्री कार्य : डीसी डाक्टर वीरेद्र कुमार दहिया
-नागरिकों को नहीं आने दी जायेगी कोई परेशानी, सभी तहसील व उपतहसील में बनाए गए हैं हेल्पडेस्क
BOL PANIPAT , 12 नवम्बर। डीसी डाक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि जिले में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली पूर्ण रूप से क्रियाशील है। 1 नवंबर 2025 से शुरू की गई इस आधुनिक व्यवस्था के तहत पानीपत जिले की सभी तहसीलों और उप-तहसीलों में रजिस्ट्री का कार्य अब पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं और किसी भी पेपरलेस रजिस्ट्री सेवा को निलंबित नहीं किया गया है।
डीसी डाक्टर वीरेद्र कुमार दहिया ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक तहसील और उप-तहसील कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके। इसके अतिरिक्त नागरिक टोल-फ्री नंबर 0172-2707321 पर संपर्क करके भी अपनी शिकायत या प्रश्न दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी नागरिक इस नई प्रणाली से संबंधित किसी कठिनाई का सामना न करे।
उन्होंने बताया कि नागरिक ई-रजिस्ट्री के लिए eregistration.revenueharyana.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यह प्रणाली न केवल पारदर्शिता बढ़ा रही है, बल्कि समय की बचत और दक्षता में भी वृद्धि कर रही है। डीसी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और पेपरलेस प्रणाली को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

Comments