मरीजों के परिजनों को मिलेगा सहारा, सामान्य अस्पताल में बनेगा विश्राम सदन: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
रोजाना हजारों मरीजों को राहत देगा प्रस्तावित विश्राम सदन
मानवता की मिसाल बनेगा भीम सेन सच्चर अस्पताल का विश्राम सदन
मरीजों के साथ अब परिजनों के ठहरने की अब चिंता होगी समाप्त
BOL PANIPAT , 22 अप्रैल। स्थानीय भीम सेन सच्चर अस्पताल (जिला सामान्य अस्पताल )में मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम सदन बनाने को लेकर जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में बुधवार को बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सेवा सदन आरोग्य संस्थान चंडीगढ़ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद संस्थान के प्रतिनिधियों ने सामान्य अस्पताल परिसर में उस स्थान का निरीक्षण भी किया, जहां विश्राम सदन प्रस्तावित है।
बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को ठहरने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल केवल इलाज का स्थान नहीं, बल्कि संवेदनाओं का केंद्र भी है। मरीज के साथ आए परिजनों को भी सम्मान और सुविधा मिलनी चाहिए। विश्राम सदन का निर्माण मानवता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
उपायुक्त ने संस्थान के पदाधिकारी शांतनु से इस सामाजिक कार्य में पूर्ण सहयोग देने की बात कही और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। संस्थान के पदाधिकारी शांतनु ने कहा कि हमारा प्रयास है कि जिन अस्पतालों में मरीजों के परिजनों के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां विश्राम सदन बनाए जाएं। पानीपत में इसकी जरूरत को देखते हुए हमने यहां पहल की है और आगे भी समाजहित में ऐसे कार्य जारी रहेंगे।
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 ओपीडी होती हैं, जिनमें से कई मरीजों को भर्ती भी करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि विश्राम सदन बनता है तो इससे मरीजों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी और अस्पताल की सेवाओं में भी सुधार होगा। बैठक में कार्यकारी अभियंता गोपाल सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Comments