पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा द्वारा 23 अगस्त को जंतर मंतर नई दिल्ली धरने का ऐलान।
BOL PANIPAT : राष्ट्रीय व्यापी पेट्रोलियम व्यवसाय की प्रमुख समस्याओं के निवारण के लिए ध्यान आकर्षण हेतु जंतर मंतर नई दिल्ली पर बुधवार 23 अगस्त को धरना दिया जाएगा। यह जानकारी पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा रजिस्टर्ड के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने पानीपत के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया की पेट्रोल पंप संचालक बिक्री पर दे कमीशन में सरकारी तेल कंपनियों द्वारा सामायिक बढ़ोतरी ना कि जाने के कारण पेट्रोल पंप संचालक जीविका चलाने में असमर्थ होते जा रहे हैं ।पेट्रोल पंप व्यवसाय में बढ़ते हुए आर्थिक नुकसान के कारण हरियाणा प्रदेश के दो पेट्रोल पंप संचालक आत्महत्या तक कर चुके हैं। उनका कहना है कि पेट्रोल पंप व्यवसाय हरियाणा प्रदेश सहित पूरे देश में लगातार आर्थिक घाटे की तरफ बढ़ रहा है।
अपनी मांगों के बारे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि वर्ष 2017 के पश्चात सरकारी तेल कंपनियों द्वारा पेट्रोल व डीजल की बिक्री पर दे डीलर कमीशन में हर छह महीने बाद अपेक्षित नियमित वृद्धि नहीं की गई है। विपणन अनुशासन दिग्दर्शिका से संबंधित एक विशेष अपील से जुड़ा मामला उत्तम न्यायालय में लंबित है इस मामले का डीलर कमीशन से किसी प्रकार से कोई भी संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि डीलर बिक्री कमीशन की देयता विषय के उचित निराकरण के संदर्भ में पेट्रोल व डीजल बिक्री पर डीलर कमीशन को उत्पाद की बिक्री मूल्य के प्रतिशत के आधार पर तय करने का नियम लागू किया जाए जिससे भविष्य में सामायिक कमीशन की बढ़ोतरी का विशेष शेष न रह जाए।
उन्होंने 200 किलोलीटर प्रति माह से कम बिक्री करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों की आजीविका के लिए कमीशन के अतिरिक्त तेल कंपनियों द्वारा विशेष राहत पैकेज दिए जाने के लिए भी मांग की है।
पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी का कहना है कि स्टार्टअप के नाम पर तेल माफियाओं द्वारा पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन के दिशानिर्देशों का सरेआम उल्लंघन करके मोबाइल बाउजर चलाकर पेट्रोल व डीजल बेचा जा रहा है। इस प्रकार से पेट्रोल का डीजल की बिक्री के कारण केमिकल युक्त नकली पेट्रोल व डीजल की अवैध बिक्री की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। अतः अवैध रूप से चल रहे मोबाइल बाउजरों को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजीव चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा के अनुरूप एक राष्ट्र एक रेट को मान्यता प्रदान करते हुए पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी की श्रेणी में शामिल किया जाए ताकि वेट प्रणाली के तहत विभिन्न प्रदेशों में पाए जाने वाले तेल के रिटेल के प्राइस की विविधताओं के कारण पेट्रोल पंप संचालकों को हो रहे आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों के समर्थन में पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा द्वारा 23 अगस्त को दोपहर 1:00 बजे से 4:00 बजे तक नई दिल्ली जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Comments