पुलिस की कार्यवाही ने जीता ग्रामीणों का भरोसा, ग्राम पंचायत नंगला आर-पार ने एसपी भूपेंद्र सिंह को पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
BOL PANIPAT , 20 जुलाई: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पानीपत पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रभावी कार्यों की ग्रामीण क्षेत्र में भी सराहना हो रही है। हाल ही में हुई चोरी की वारदात का महज 72 घंटे में खुलासा करने पर सोमवार को नंगला आर पार ग्राम पंचायत व मौजिज लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस को पगड़ी एवं पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सनौली थाना के पर्यवेक्षण अधिकारी एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस को भी सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले नंगला आर पार गांव में चोरी की घटना सामने आई थी। मामला पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के संज्ञान में आते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए। जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि बलिंद्र फोर ने कहा कि पुलिस की सक्रिय कार्यशैली से क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा है। चोरी की वारदात का इतनी कम अवधि में खुलासा होना पुलिस की सतर्कता और कार्यकुशलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि गांव में चोरी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी से लोगों का पुलिस पर विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है और अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है। असामाजिक तत्व जिला छोड़न को मजबूर हो रहें है। उन्होंने कहा कि एसपी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिले की कानून व्यवस्था लगातार मजबूत हुई है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
एसपी ने कहा कि पानीपत पुलिस आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांव में आपसी भाईचारा बनाए रखने, युवाओं को नशे व अपराध से दूर रखने तथा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में अपराध व अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा।
इस अवसर पर नंगला आर-पार सरपंच प्रतिनिधि बलिंद्र फोर, नंबरदार कृष्ण राठी, संजय शास्त्री, पंच जोगिंदर राठी, आजाद फोर, बबलू मलिक, प्रदीप सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें।

Comments