आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना करें राजनीतिक पार्टियां – डीसी डा. विरेद्र दहिया
-हटाने के बाद दोबारा ना लगाएं बैनर, होर्डिंग्स
-शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में होना चाहिए चुनाव
BOL PANIPAT , 27 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डाक्टर विरेद्र कुमार दहिया ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता व उम्मीदवार आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए जिला प्रशासन को अपना सहयोग दें। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव प्रक्रिया को संपन्न किया जाएगा।
डीसी मंगलवार जिला सचिवालय के सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का उद्देश्य यही है कि चुनाव शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपूर्ण हो। मतदाता भी बगैर किसी भय, लालच व दबाव के अपनी मर्जी से मतदान कर सके।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार सामग्री के होर्डिंग्स, बैनर या वाल पेंटिंग विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाए। अन्यथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बार-बार बैनर, होर्डिंग्स हटाने के बावजूद कुछ लोग इन्हें दोबारा लगा रहे हैं, जो कि सही नहीं है।
डीसी ने कहा कि चुनाव के दौरान जनसभा, रोड शो, प्रचार वाहनों, लाउडस्पीकर की विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निग ऑफिसर-कम-एसडीएम से अनुमति लेनी होगी। जनसभा प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए स्थान पर ही हो सकती है। रोड शो व रैली की परमिशन के लिए आवेदन चार- पांच दिन पहले लेना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए सुविधा नामक पोर्टल बना हुआ है, जिस पर आनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में धर्म, जाति, संप्रदाय या व्यक्तिगत अशोभनीय टिप्पणी ना की जाए। सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते समय, भाषण अथवा प्रचार सामग्री में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर एडीसी डा.पंकज यादव, सीईओ जिला परिषद नरेन्द्र मलिक,
समालखा के एसडीएम अमित कुमार, इसराना के एसडीएम ज्योति मितल, पानीपत के एसडीएम बह्रम प्रकाश, एमडी शुगर मिल मनदीप कुमार, सीटीएम टीनु पोसवाल, चुनाव तहसीलदार सुदेश राणा, सहित अन्य अधिकारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments