Friday, May 1, 2026
Newspaper and Magzine


मीडिया क्विज में प्रेरणा,राजन व नेहा की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 15, 2023 Tags: , , ,

–    दूरदर्शन दिवस पर आयोजित किया गया मीडिया प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

BOL PANIPAT- शुक्रवार 15 सितंबर 2023

शुक्रवार को आर्य पीजी कॉलेज के जनसंचार विभाग द्वारा दूरदर्शन दिवस के अवसर पर मीडिया क्विज का आयोजन करवाया गया। क्विज में तीनों कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढचढ कर भाग लिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता व जनसंचार विभाग के प्राध्यापकों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। और डॉ. गुप्ता ने जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश गाहल्याण, प्राध्यापक शिवांक रावल, केशव शर्मा, विवेक शर्मा व प्राध्यापिका गजल पांचल को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया की दूरदर्शन का पहला प्रसारण 15 सितंबर, 1959 को प्रयोगात्मक आधार पर आधे घंटे के लिए शैक्षिक और विकास कार्यक्रमों के रूप में शुरू किया गया। उस समय दूरदर्शन का प्रसारण सप्ताह में सिर्फ तीन दिन आधा-आधा घंटे होता था। तब इसको ‘टेलीविजन इंडिया’ नाम दिया गया था बाद में 1975 में इसका हिन्दी नामकरण ‘दूरदर्शन’ नाम से किया गया। उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को नई-नई जानकारी मिलती है और अपने अंदर की छुपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए मंच मिलता है, विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में अच्छी तैयारी करके पूरे जोश के साथ भाग लेना चाहिए।

जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश गाहल्याण ने बताया कि दूरदर्शन दिवस के अवसर पर जनसंचार विभाग की तीनों कक्षाओं के लिए मीडिया क्विज का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता सभी विद्यार्थियों का स्क्रीनिंग टेस्ट लिया गया। स्क्रीनिंग टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की चार टीमें बनाई गई हर टीम में कुल तीन प्रतिभागी थे। मीडिया क्विज में चारों राउण्ड रखे गए। हर राउंड में मीडिया से संबंधित ही प्रश्न विद्यार्थियों से पूछे गए।

मीडिया क्विज के परिणाम इस प्रकार रहे।

प्रेरणा, राजन मिश्रा व नेहा की टीम ने प्रथम स्थान। अंशदीप, तरुण सलूजा व राखी की टीम ने दूसरा स्थान, अंजलि,अमन व मनीष की टीम ने तीसरा स्थान वहीं दिव्यांशु, गुनीत सिंह व सचिन की टीम ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया।

आर्य कॉलेज के अंकुर ने राज्य स्तरीय 5000 मीटर दौड़ में हासिल दूसरा स्थान

BOL PANIPAT : 14 सितंबर को पंचकुला के देवीलाल खेल मैदान में राज्यस्तरीय 5000 मीटर रेस का आयोजन किया गया। जिसमें आर्य पीजी कॉलेज के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र अंकुर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता प्रतिभागी अंकुर का कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर मिठाई खिलाकर स्वागत किया व उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश सैनी, प्राध्यापिका मामनी सैनी, डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेंद्र देशवाल, राजा तोमर व सुनील को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।

प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि कॉलेज के विद्यार्थी अंकुर ने केवल राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है बल्कि अंकुर का चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली 5000 मीटर रेस के लिए भी हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली रेस का आयोजन अक्टूबर माह में गोवा में किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने विद्यार्थी से पूरी उम्मीद है कि अंकुर गोवा में पंचकुला से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करेगा।

आर्य कॉलेज में आयोजित हुआ मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम

आर्य पीजी कॉलेज की एन.एस.एस. इकाई द्वारा 10 सितंबर से 16 सितम्बर तक मनाए जा रहे विश्व आत्महत्या रोकथाम सप्ताह के अंतर्गत सिविल अस्पताल पानीपत के सहयोग से विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। पानीपत सिविल अस्पताल के मेंटल हेल्थ डिपार्टमेंट के इंचार्ज डॉ. ललित वर्मा के मार्गदर्शन में कार्यरत मनोवैज्ञानिक विनोद, मनोचिकित्सक अंजु गौतम, समुदाय नर्स संगीता व पूनम ने कार्यक्रम में शिरकत की व विद्यार्थियों के साथ विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने सुसाइड के कारण व निदान पर अपने विचार साझा किए। साथ ही टीम ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा को शांत किया। वक्ता संगीता ने कहा कि आज की भाग दौड भरी जिंदगी में लोगों को अपने परिवार को देने के लिए भी समय नहीं है। सभी अपने कामों में इतने व्यस्त हैं कि अपने माता-पिता, पत्नी व बच्चों को भी समय नहीं दे पाते।

बच्चे भी मोबाइल के आ जाने से अपने माता-पिता के साथ खुलकर बात नहीं करते जिस कारण वो कहीं ना कहीं अवसाद के शिकार हो जाते हैं और कोई गलत कदम उठा लेते हैं। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि आज के समय में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में होना चाहिए।  ऐसी गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं को भी अपनी अहम जिम्मेदारी निभानी होगी और ज्यादा से ज्यादा जन जागरूकता के कार्यक्रम चलाकर आज की युवा पीढ़ी को जागरूक करना होगा।
मंच संचालन एन.एस.एस. इकाई के प्रभारी प्रो विवेक गुप्ता ने किया। प्राचार्य ने एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी प्रो विवेक गुप्ता व डॉ मनीषा नागपाल को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अंत में कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 

Comments