कोर्ट में पेशी के बाद पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने वाला बंदी आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 16 मार्च 2023, सीआईए वन पुलिस की टीम ने गत मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने वाले बंदी आरोपी सुरज पुत्र कर्ण सिंह निवासी भैणी कला करनाल हाल विकाश नगर पानीपत को बीती देर साय गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज आर्म्स एक्ट के मामलें में पानीपत जेल में बंद था। सीआईए टू की टीम ने 20 सितम्बर 2022 को आरोपी सुरज को विकाश नगर में अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर माननीय न्यायालय में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया था। इससे पहले आरोपी सुरज सितम्बर 2019 में अपने तीन अन्य साथियों के साथ बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। उस समय आरोपी सुरज व उसके दो साथी नाबालिग व एक साथी आरोपी बालिग था। उक्त मामलें में आरोपी कुछ दिनों बाद ही बाल सुधार गृह से बेल पर बाहर आ गया था।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि गत मंगलवार 14 मार्च को आरोपी सुरज,अरविंद,सुभाष व फरमान की जुवेनाइल कोर्ट में पेशी थी। चारों आरोपियों को पेशी के लिए जेल से लाया गया था। एस्कॉर्ट गार्द में तैनात ईएसआई धर्मबीर, ईएसआई रामचंद्र, ईएसआई विजय, ईएचसी हरिपाल व सिपाही बलराज चारों आरोपियों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश करने के बाद एस्कॉर्ट गार्द में लेकर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी सुरज ईएसआई रामचंद्र को धक्का मारकर हाथ छुड़ाकर भाग गया। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया परंतु आरोपी भागने में कामयाब हो गया था। एस्कॉर्ट गार्द इंचार्ज इंस्पेक्टर मंजीत की शिकायत पर थाना शहर में आरोपी सुरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में पुलिस की टीमें आरोपी सुरज की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दंबिस दे रही थी। सीआईए वन की टीम ने बुधवार सायँ मिली गुप्त सूचना पर दंबिस देकर आरोपी सुरज को विकास नगर एनएफएल टाउन शिप के गेट के नजदीक से काबू किया। गहनता से पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी सुरज को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments