महर्षि कश्यप बहुतकनीकी जाटल में विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध किया जागरूक
नशा होता अच्छा- माँ कहती खा बच्चा- डॉ. अशोक कुमार वर्मा
BOL PANIPAT । हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के निर्देशन और उप पुलिस महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के मार्गदर्शन में नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुँचकर नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत उन्होंने महर्षि कश्यप बहुतकनीकी जाटल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यालय के प्राचार्य राजीव नरवाल की देखरेख में हुए इस कार्यक्रम में 260 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने भाग लिया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, योग, साइकिल चलाने तथा रचनात्मक गतिविधियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि “यदि नशा होता अच्छा- माँ कहती खा ले मेरे बच्चा”। किसी व्यक्ति के नशे की गिरफ्त में आने पर उसे तिरस्कार करने के बजाय उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी दिलाया गया। नशे से संबंधित सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 तथा हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 पर संपर्क किया जा सकता है।

Comments