पीआरपीसी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का किया भव्य एवं उद्देश्यपूर्ण आयोजन
BOL PANIPAT :- 23 जून, 2025, स्वास्थ्य, सद्भाव एवं शांति को बढ़ावा देने और आपसी भाईचारे को और मजबूत करने के लिए पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में 21 जून, 2025 को प्रातः 06:30 बजे 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर मनाया गया। इस अवसर पर टाउनशिप के सामुदायिक केंद्र में बड़ी संख्या में पीआरपीसी परिवार के सदस्य योग करने के लिए एकत्रित हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, चूरामन, कार्यकारी निदेशक (परियोजना), पीआरपीसी, मुख्य महाप्रबंधकगण तथा महाप्रबंधकगण महाप्रबंधकगण व कर्मचारी संघ एवं अधिकारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण की गरिमामय उपस्थित रही । इस अवसर पर बिहार योग स्कूल, मुंगेर (बिहार) से प्रशिक्षित अनुदेशक मानिषा कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने कहा कि योग हमें शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, इसलिए हमें प्रतिदिन योगाभ्यास करना चाहिए। उन्होंने समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए सभी को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रोत्साहित किया। एम. एल. डहरिया ने उल्लेख किया कि योग आत्म-साक्षात्कार का महत्वपूर्ण साधन है, जो हमारे श्वास, ध्यान और नैतिक मूल्यों को एक साथ जोड़ता है।
उन्होंने बताया कि आज योग केवल एक प्राचीन परंपरा नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन की आवश्यकता बन चुका है। चिकित्सा विज्ञान भी इस तथ्य को स्वीकार कर चुका है कि नियमित योगाभ्यास हृदय रोग के जोखिम को कम करने, मानसिक स्पष्टता बढ़ाने तथा तनाव नियंत्रित करने में सहायक है। इस उपलक्ष्य में 21 से 27 जून, 2025 तक सामुदायिक केंद्र में सात दिवसीय योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। एम. एल. डहरिया ने सभी निवासियों से इस शिविर में भाग लेने और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले संबोधन में योग को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने हेतु सुझाव दिया। उनके सुझाव को मानते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2015 से 21 जून को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए निर्धारित किया।

Comments