डी०ए०वी० पुलिस पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस
BOL PANIPAT : डी०ए०वी० पुलिस पब्लिक स्कूल परिसर में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी देशभक्ति को दर्शाया। स्वतंत्रता सेनानियों के रूप में छात्रों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों, भाषणों एवं कविताओं ने सभी को देशभक्ति की भावना से भर दिया। किंडरगार्टन विंग के विद्यार्थियों को केसरिया , सफेद और हरे रंग का प्रयोग करते हुए विभिन्न क्रियाएँ करवाई गईं। प्रधानाचार्या अनुपमा सिन्हा ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने गणतंत्र दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि आज का दिन भारत के लिए अत्यन्त गौरवशाली है क्योंकि इसी दिन भारत का अपना संविधान लागू हुआ था। उन्होंने देशभक्तों की अमर गाथा और गणतंत्र दिवस का इतिहास बताकर माहौल को देशभक्तिपूर्ण बना दिया । उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार ही हमें मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य प्राप्त हुए हैं। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए । समाज में व्याप्त बुराइयों का जड़ से उन्मूलन करके ही हम अपने कर्तव्य का निर्वहन करके अपनी देशभक्ति का परिचय दे सकते हैं । जिन वीरों ने देश पर अपना सर्वस्व न्योछावर किया है,आज उन वीरों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। इस अवसर पर सुपरवाइज़री हैड अमिता सिंह, नीलम शर्मा, प्रवीन शर्मा, मंजू गुप्ता एवं सभी अध्यापक गण मौजूद रहें ।

Comments