सेवा सेतु शिविरों से लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
इसराना में सेवा सेतु शिविर में 49 नागरिकों ने रखी अपनी समस्याएं
विभिन्न विभागों के स्टॉल पर ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं की दी जानकारी
रंजीता कौशिक ने ग्रामीणों की समस्याएं रखीं, नशे से दूर रहने का किया आह्वान
BOL PANIPAT , 27 सितंबर। केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण सेवा संकल्प अभियान के तहत जन समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के दिशा निर्देश पर रविवार को इसराना खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में खंड के 49 नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं जिन पर अधिकारियों ने मौके पर संज्ञान लिया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए उनकी समस्याओं का समाधान उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में पहुंचने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं।
शिविर में समाज कल्याण एवं न्याय अधिकारिता विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, महिला एवं बाल विकास विभाग, अंत्योदय, स्वास्थ्य विभाग, क्रीड, बिजली विभाग, महिला विकास निगम, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री तथा उद्यान विभाग सहित कई अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं को भी सुना गया। इस मौके पर डीडीपीओ राजेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

Comments