जनता समाधान शिविर में सुनी गई लोगों की शिकायतें. मौके पर हुआ निस्तारण: डॉ. संजय
-हर शिकायत का होगा समाधान, जनता अधिकारियों पर रखे भरोसा: एसडीएम नवदीप नैन
-जनता का प्रशासन पर बढ़ा विश्वास: डीडीपीओ राजेश शर्मा
-अधिकारी समाधान की गति और तेज करेंङ: डीएसपी सतीश वत्स
BOL PANIPAT , 18 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और हल किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया के निर्देशानुसार जिला सचिवालय सभागार में गुरुवार को जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि जनता समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को पूरी गंभीरता से सुना जा रहा है और उसका समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि लोगों को राहत मिले।
उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को राहत देना और प्रशासन व जनता के बीच विश्वास का सेतु मजबूत करना है। इस प्रकार जनता समाधान शिविर न केवल समस्याओं का त्वरित निवारण कर रहे हैं, बल्कि यह भी साबित कर रहे हैं कि प्रशासन जनता के साथ खड़ा है।
एसडीएम इसराना नवनीत नैन ने शिकायतकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कोई भी समस्या इतनी बड़ी नहीं है कि उसका समाधान न हो सके। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आम नागरिकों के लिए बड़ा सहारा है। अधिकारी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिविर में दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत निवारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों से आमजन में खुशी और संतोष की भावना देखने को मिल रही है। पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान की गति और तेज करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों की सुरक्षा और न्याय प्राथमिकता है और शिकायतों का निष्पक्ष व त्वरित समाधान किया जाएगा।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा ने कहा कि जनता समाधान शिविर से लोगों में विश्वास की भावना मजबूत हुई है। मौके पर की जा रही सुनवाई और समाधान से आमजन खुश हैं और प्रशासन पर उनका भरोसा और गहरा हुआ है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जन शिकायतों को गंभीरता से लेकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में क्रीड़ा विभाग, पुलिस विभाग, पेंशन विभाग सहित कई अन्य विभागों से जुड़ी 50 शिकायतें सामने आईं। निगम संयुक्त आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई करने के आदेश जारी किए। प्रार्थी उषा रानी वासी वार्ड नंबर 3 ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने को लेकर प्रशासन से प्रार्थना की। प्रति 6 वर्षीय आर्यन ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनकी मां की मृत्यु हो चुकी है। वह अपने दादा दादी के पास रह रहे हैं उनकी आयु 6 साल है। पालन पोषण में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।उन्होंने पेंशन बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया था कि वह स्कूल में जाकर शिक्षा ग्रहण कर सके।
प्रार्थी प्रति रीता वासी कच्चा कैंप ने बीपीएल श्रेणी के तहत प्रशासन से राशन उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी सतबीर वासी चंदौली ने बाबरपुर मंडी तक सडक़ निर्माण करने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि सडक़ टूटी होने के कारण किसान मंडी तक अपनी फसल लेकर पहुंचते हैं तो काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, शिक्षा विभाग से निरीक्षक विनोद, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ दीपेंद्र राज, फीसरी अधिकारी मनमोहन सिंह के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments