जिला में रोजग़ार को बढावा देने के लिए समीक्षा बैठक
BOL PANIPAT , 3 मार्च। जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने सभी विभागों के अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे जिला में रोजगार सृजन के लिए योजना बनाएं। उपायुक्त ने जिला कौशल समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
उन्होनें कहा कि रोजग़ार मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हर जिले में रोजग़ार के अवसर सुनिश्चित करने के लिए कौशल समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष एक कौशल प्लान के तहत अपने अपने विभागों से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी दें ताकि प्रदेश सरकार के पास जानकारियां भेज कर युवाओं के लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर सुनिश्चित किये जा सकें। उन्होंने कहा कि जिले मे कौशल योजना के तहत जल्द ही सब कमेटियों का भी गठन किया जायेगा ताकि यह पता किया जा सके कि आज के समयानुसार युवाओं को किस क्षेत्र मे आसानी से रोजग़ार दिया जा सकता हैं। बैठक के उपरांत सीएमजीजीए पराग जसवाल ने बताया कि बैठक में जिला के निजि क्षेत्र की सभी यूनियनों को भी इसलिए बुलाया गया है ताकि उनसे ये जानकारी हासिल कर सकें कि जिला के औद्योगिक क्षेत्र मे किस तरह के कौशल की ज़रूरत है और उसी के अनुरूप युवाओं को शिक्षित किया जा सके।
महात्मा गांधी नैशनल फेलो भारत सरकार द्वारा नियुक्त राहुल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री उत्थान मेलों के तहत भी बेरोजगार युवाओं की जानकारी जुटाकर निजि क्षेत्र में रोजगार सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कौशल योजना के तहत एक पोर्टल भी बनाया गया है इस पोर्टल पर स्किल प्लान के अंतर्गत सभी गतिविधियां दर्ज होंगी। बैठक में एडीसी वीना हुड्डा, पानीपत एसडीएम विरेन्द्र ढूल, समालखा एसडीएम अश्वनी मलिक, सीटीएम राजेश सोनी व जिला की विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments