समस्याओं को गंभीरता से सुन किया जा रहा आम नागरिकों को आश्वस्त: उपायुक्त
-बुधवार को समाधान शिविर में आई 192 शिकायतें, मौके पर किया गया 93 का समाधान
BOL PANIPAT , 24 जुलाई। हरियाणा सरकार के आदेशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन जिला सचिवालय व उपमंडल कार्यालयों में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने समाधान शिविर में बुधवार को आमजन की समस्याओं को सुना और समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। शिविर में कुल 192 शिकायतें आई, जिनमें से उपायुक्त ने 93 का मौके पर ही निदान कर दिया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया।
उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जिला में मंडल व जिला स्तर पर प्रत्येक कार्य दिवस में प्रात:10 से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में आए हुए हर व्यक्ति की समस्या को पूरी गंभीरता से सुनकर उसका समाधान किया जा रहा है। कई समस्या ऐसी होती हैं, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया जाता है। जिनका मौके पर नहीं होता, उनका एक या दो दिन में समाधान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आयोजित करने का प्रमुख लक्ष्य है कि एक स्थान पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतों का मौके पर तुरंत निपटारा करें, ताकि आम जनता को विभिन्न विभागों के अलग-अलग कार्यालयों में चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनते हुए शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा उनकी सभी शिकायतों का यथासंभव निपटारा किया जाएगा।
समाधान शिविर में एंपेरियम सिटी के वासियों ने शिकायत दी कि समिति के अंदर रिहायशी इलाके के सामने ही सार्वजनिक शौचालय का निर्माण संबंधी एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे किसी अन्य जगहों पर शिफ्ट करवाया जाए ताकि लोगों को परेशानी ना हो। इसी तरह अतौलापुर गांव के वासियों ने शिकायत की कि अतौलापुर से जलालपुर जाने वाली सडक़ में से 7 फीट अंदर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं इस पर उपायुक्त ने जिला परिषद के सीईओ को निर्देश दिए कि मामले में कार्रवाई करें।
समाधान शिविर में एन एच ए आई और एलएनटी के अधिकारियों को भी जीटी रोड पर पानी भरने को लेकर बुलाया गया और उन्हें हिदायत दी कि बरसात के मौसम में इसका विशेष ख्याल रखें की जीटी रोड पर पानी न खड़ा हो। इसी तरह सींक गांव के निवासियों ने कब्रिस्तान में मनरेगा के तहत मिट्टी इत्यादि उठाने के कार्य को लेकर भी काम करवाने का अनुरोध किया। इसी तरह से सींक गांव के ही कई लोगों ने विभिन्न तालाबों से लगती जमीन पर अवैध कब्ज को लेकर शिकायत दी जिस पर उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए इस पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। खुखराना वासी सोम इत्यादि ने खुखराना गांव के शिफ्टिंग में प्लांट से संबंधित अपनी बात रखी। समाधान शिविर में पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली व अन्य विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें आई जिस पर उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए कार्यवाही करवाने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में निगम आयुक्त साहिल गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त डा. पंकज यादव, एसडीएम मनदीप कुमार, नगराधीश टीनू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Comments