छात्रों का सुरक्षित आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी
-सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की अवहेलना पर होगी तत्काल कड़ी कार्रवाई।
-छुट्टी के दिन खुले मिले स्कूलों की होगी मान्यता रद्द
-असुरक्षित स्कूल वाहन को तत्काल जब्त करने के दिए निर्देश
-भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा निरीक्षण का यह कार्य
BOL PANIPAT , 13 अप्रैल। डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया के दिशा निर्देश पर शनिवार को डीटीओ विभाग के अधिकारियों ने जिला के सभी स्कूलों की बसों की फिटनेस जांचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीसी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है और छात्रों के सुरक्षित आवागमन को लेकर लापरवाही बरतने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। छात्र चाहे स्कूल में हो या प्राईवेट और आउटसोर्स किए हुए या स्कूल वाहन में आवागमन कर रह हो। छात्रों के सुरक्षित आवागमन की पूरी तरह से जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की है।
उन्होंने कहा कि स्कूल संचालकों को छात्रों की सुरक्षा के लिए तय नियमों की पालना हर हाल में करनी होगी,अवहेलना पर बिना देरी कार्यवाही होगी।
उन्होंने कहा कि स्कूल संचालकों को सरकार द्वारा तय मानकों को पूरा करने वाली स्कूल बसों को ही संचालित करना होगा।
डीसी ने कहा कि सभी स्कूल संचालक स्कूल वाहनों की फिटनेस को अपडेट रखें व ड्राइवरों का समय-समय पर मेडिकल करवाएं। जो ड्राइवर मेडिकल जांच में अनफिट मिलते हैं उन्हें ड्राइवर के पद पर ना रखें।

सरकारी अवकाश के दिन स्कूलों को रखें बंद।
डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने सरकारी अवकाश के दिन स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने कहा कि सभी स्कूल संचालक या प्रबंधक अपने सभी वाहनों के सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की शत-प्रतिशत अनुपालना का शपथ पत्र एक सप्ताह के अंदर प्रशासन को देंगे। असुरक्षित वाहन को स्कूल से बाहर नहीं आने देंगे। असुरक्षित स्कूल वाहन सडक़ पर मिलें तो तत्काल कार्रवाई होगी और इसके लिए स्कूल प्रबंधन, संचालक, प्रिंसिपल, सचिव आदि जो भी जिम्मेदार पदाधिकारी है उसके खिलाफ कानूनन कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और वाहन को जब्त कर लिया जाएगा।
शनिवार को भी जांचे गए फिटनेस सर्टिफिकेट।
शनिवार को भी सचिव आरटीए डॉ नीरज जिंदल की अगुआई में स्थानीय सेक्टर 13–17 में स्कूलों की बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट की जांच की गई।
शनिवार को 82 बसें चेक की गईं। 16 चालान किए गए वहीं 12 बसें इंपाउंड की गई। सचिव आरटीए डॉ नीरज जिंदल ने बताया कि रविवार को भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी
उनके साथ सहायक सचिव आरटीए शम्मी शर्मा,मोटर वाहन अधिकारी राजेश मलिक,मोटर वाहन निरीक्षक लतेश शर्मा,राज सिंह,नरसिंह भी उपस्थित रहे।

Comments