Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस शहीदी दिवस पर पुलिसकर्मियों की शहादत को किया नमन

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 22, 2022 Tags: , , , , ,

शहीदों की शहादत को कभी भूलाया नही जा सकता, शहीद देश की अमूल्य धरोहर : पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन

BOL PANIPAT : शुक्रवार 21 अक्टूबर को प्रातः पुलिस लाईन पानीपत में पुलिस शहीदी दिवस पर समारोह का आयोजन कर अपने कर्तव्य/ड्यूटी के दौरान शहादत देने वाले पुलिस के अमर शहीद जवानों को याद किया। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने शहीदी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दे समारोह में उपस्थित शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने उपस्थित सभी जवानों को दिए अपने संदेश में पुलिस शहीदी दिवस के इतिहास बारे जानकारी देते हुए बताया कि शहीदों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान हैं। कर्तव्य परायणता के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले उन सभी जाने-अनजाने नायकों को हम सैल्यूट करते हैं।

21 अक्टूबर 1959 को उप-पुलिस अधीक्षक कर्मसिंह और उनकी टीम में शामिल 20 जवान तिब्बत पर लगते हाट स्प्रिंग नामक क्षेत्र में भारतीय सीमा पर गश्त कर रहे थे। सीमा सुरक्षा बल के उस भारतीय दल पर चीन की एक टुकड़ी ने घात लगाकर अपने स्वचालित हथियारों से फायर कर हमला कर दिया। दुशमन किसी भी कीमत पर मातृभूमि पर कदम न रखने पाए इस बुलंद इरादे के साथ प्रत्येक भारतीय जवान पूरी बहादुरी से लड़ता रहा। उस भारतीय जवानों की बहादुर टोली ने उनसे कही अधिक सख्या मे हथियारों से लैस चीनी सेना की टुकड़ी को बहुत कड़ा मुकाबला दिया। लड़ते हुए 10 जवान शहीद हो गए और 10 जवानों को घायल अवस्था मे चीनी सैनिकों ने बंदी बना लिया था। शहीद हुए अदम्य साहसी जवानों के सम्मान मे तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा हर वर्ष 21 अक्टूबर को भारतीय पुलिस शहीदी दिवस के रूप मे मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद समस्त पुलिस बल 21 अक्टूबर को शहीदी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों की शहादत को याद करते हुए इस दिन को पुलिस शहीदी दिवस के रूप मे मनाता हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत को कभी भूलाया नही जा सकता, शहीद देश की अमूल्य धरोहर हैं।

समारोह मे उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मबीर खर्ब ने पहले बोलते हुए पुलिस बल व केन्द्रीय सशस्त्र बल के उन 264 शहीद जवानों के नाम पढ़कर सुनाए जो गत वर्ष देश की एकता और अखंडता को कायम रखने के दौरान शहीद हुए। उन्होंने कहा की शहीद जवानों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मबीर खर्ब, उप-पुलिस अधीक्षक प्रदीप व सभी थाना प्रभारी, चौकी इंचार्जों सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Comments