राज्य स्तरीय फिनस्विमिंग चैंपियनशिप में समर्थ मलिक ने जीते दो पदक. खेल मंत्री ने किया सम्मानित.
BOL PANIPAT : फरीदाबाद / पानीपत: फरीदाबाद के सेक्टर-17 स्थित मॉडर्न स्कूल में 21 से 23 अगस्त 2026 तक ‘6वीं हरियाणा स्टेट फिनस्विमिंग चैंपियनशिप’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में पानीपत जिले की ओर से खेलते हुए होनहार तैराक समर्थ मलिक ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
समर्थ मलिक ने प्रतियोगिता के दौरान 8-9 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर तैराकी (फिनस्विमिंग) स्पर्धा में बेहतरीन खेल दिखाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया। प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर समर्थ ने पानीपत जिले का गौरव बढ़ाया है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर समर्थ मलिक का चयन राष्ट्रीय स्तर (National Level) की फिनस्विमिंग प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है।
अपनी इस सफलता के लिए समर्थ मलिक रोजाना सुबह और शाम पानीपत की चौधरी बलदेव सिंह तैराकी अकैडमी (काला आम रोड, पानीपत) में अपने अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत और अभ्यास करते हैं।इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के समापन पर हरियाणा राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम ने समर्थ मलिक को पदक पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर समर्थ के साथ पानीपत जिला तैराकी संघ के प्रधान सुखबीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।

Comments