आर्य पीजी कॉलेज में वित्तीय साक्षरता विषय पर हुआ सेमिनार का आयोजन
– युवाओं के लिए बचत, निवेश और वित्तीय अनुशासन समय की मुख्य आवश्यकता: प्रो. जगदीश गुप्ता
BOL PANIPAT , गुरुवार 17 सितंबर 2026, आर्य पीजी कॉलेज के करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा गुरुवार को ओ.पी. शिंगला सभागार में “युवा मस्तिष्क को वित्तीय साक्षरता के माध्यम से सशक्त बनाना – वित्तीय बाजार, करियर एवं वित्तीय स्वतंत्रता” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सब्र पोर्टफोलियो के संस्थापक शुभम गर्ग ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता और उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने मुख्य वक्ता का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने कार्यक्रम में मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय साक्षरता वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकता है। युवाओं को शैक्षणिक ज्ञान के साथ बचत, निवेश, बजट प्रबंधन और वित्तीय नियोजन का व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए। सही समय पर लिए गए विवेकपूर्ण वित्तीय निर्णय युवाओं को आत्मनिर्भर एवं भविष्य के लिए सक्षम बनाते हैं।
महाविद्यालय की उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वित्तीय जागरूकता विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, आर्थिक जोखिमों को समझने तथा अपने करियर एवं भविष्य की योजनाएं बनाने में सहायता करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निवेश संबंधी निर्णय लेने से पहले पर्याप्त जानकारी प्राप्त करने और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शुभम गर्ग ने विद्यार्थियों को वित्तीय बाजार, बचत एवं निवेश के विकल्पों, करियर की संभावनाओं, जोखिम प्रबंधन, चक्रवृद्धि ब्याज और वित्तीय स्वतंत्रता के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कम आयु से ही बचत एवं निवेश की आदत विकसित करने, स्पष्ट वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करने और सोच-समझकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। संवादात्मक सत्र में उन्होंने विद्यार्थियों की वित्त एवं निवेश से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल की प्रभारी डॉ. रजनी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में समझदारी से निर्णय लेने योग्य बनाना भी है। वित्तीय साक्षरता युवाओं में बचत की आदत, जिम्मेदार उपभोग और सुरक्षित निवेश की समझ विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी आय एवं खर्च का उचित बजट बनाने तथा वित्तीय अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
करियर गाइडेंस सेल के समन्वयक प्रो. पंकज चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था में वित्तीय बाजारों, निवेश विकल्पों और वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छोटी आयु से नियमित बचत, सुनियोजित निवेश और स्पष्ट वित्तीय लक्ष्य अपनाकर युवा आर्थिक रूप से सुरक्षित एवं स्वतंत्र भविष्य की नींव रख सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को त्वरित लाभ के प्रलोभन से बचने तथा शोध और विशेषज्ञ परामर्श के आधार पर निवेश करने की सलाह दी।
इस अवसर पर डॉ. मनीषा डुडेजा, प्राध्यापिका आस्था गुप्ता, गरिमा, नेहा बंसल, शिवानी वर्मा, श्वेता शर्मा व प्रो. सोनू ढुल और सुनील सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Comments