साहित्यिक सप्ताह के दूसरे दिन ‘Inspiring Echoes on Feminism’ विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय , पानीपत के अंग्रेजी विभाग द्वारा साहित्यिक सप्ताह के दूसरे दिन ‘Inspiring Echoes on Feminism’ विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम के मार्गदर्शन में तथा श्रीमती रेखा शर्मा के संयोजन में सम्पन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं से लगभग 60 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में नारी सशक्तिकरण, समानता तथा सामाजिक जागरूकता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था। प्रतिभागियों ने महिला अधिकार, समान अवसर और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली एवं विचारोत्तेजक स्लोगन प्रस्तुत किए, जिनकी सराहना निर्णायक मंडल—डॉ. सीमा (गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष) एवं राहुल—द्वारा की गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक मुद्दों पर सोचने तथा अपने विचारों को सशक्त रूप से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नारी सशक्तिकरण समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है और युवा पीढ़ी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।साथ ही उन्होंने कहा कि साहित्यिक सप्ताह में सम्मिलित स्लोगन लेखन प्रतियोगिता रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ये प्रतिभागियों को जटिल विचारों को प्रभावशाली और यादगार संदेशों में बदलने में सक्षम बनाती हैं। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ नीलम ने इसके सन्दर्भ में कहा कि एक अच्छा स्लोगन लोगों के दिलों और दिमागों पर गहरी छाप छोड़ता है। यह किसी विचार या अभियान के उद्देश्यों को संक्षिप्त और सरल तरीके से जनता तक पहुँचाने में मदद करता है।विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को अपनी सोच और कल्पना को कागज पर उतारने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी कल्पना शक्ति और लेखन कौशल में सुधार होता है ।स्लोगन लेखन प्रतियोगिता मूल्यवान शैक्षिक और सामाजिक उपकरण हैं, जो व्यक्तियों को जटिल विचारों को छोटे, यादगार और प्रभावशाली वाक्यांशों में संपीड़ित करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। कॉलेज में आयोजित यह साहित्यिक सप्ताह आगे भी विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ जारी रहेगा। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह, उप-प्राचार्य डॉ. शशि प्रभा मलिक, डॉ. किरण मदान, डॉ. नीलम, डॉ. सीमा, सौरभ दुग्गल,डॉ. निधि, डॉ. नेहा, सहायक प्रो. रेखा ,राहुल , डॉ. रेशू , एकता, रोशनी उपस्थित रहे।

Comments