Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


जल्द ही शहर की सडक़ों पर पिंक ऑटो प्रशिक्षित महिलाएं द्वारा संचालित होती दिखाई देंगी: उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 24, 2026 Tags: , , , , ,

पानीपत में सडक़ सुरक्षा पर सख्ती, एक हफ्ते में सडक़ चौड़ीकरण पूरा करने के आदेश

विधायक प्रमोद विज ने मांगा 8 महीने का कामकाज रिपोर्ट, एलिवेटेड बस स्टॉप की प्रगति पर अधिकारियों को तेजी लाने के दिए निर्देश

ट्रैफिक जाम से राहत के लिए रिंग रोड और रेड लाइट जैसे बड़े प्रस्तावों पर चर्चा

सडक़ सुरक्षा को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट बोले — शहर के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी

BOL PANIPAT , 24 मार्च। जिला सडक़ सुरक्षा वाहन पॉलिसी की अहम बैठक मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि शहर के विकास को लेकर  प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। जो अधिकारी कार्य में रूचि नहीं लेते उनके खिलाफ शख्त कार्यवाही होगी। इसराना फ्लाई आवर के पास जमा पानी का निदान करने को लेकर अधिकारियों को जायजा लेने के निर्देश दिए गए।

  उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि जल्द ही शहर की सडक़ों पर पिंक ऑटो प्रशिक्षित महिलाएं द्वारा संचालित होती दिखाई देंगी। उपायुक्त ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्ट हाउस तक की सडक़ के विस्तार का कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।

जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर आयोजित बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सडक़ हादसों के आंकड़ों की समीक्षा,  एनएच-44 पर कैमरे लगाने, सडक़ चौड़ीकरण और आरसीसी बैरियर लगाने जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

    बैठक में पिछली बैठक के कार्यों की समीक्षा भी की गई और संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।  इस दौरान टोल प्लाजा पर विजिबिलिटी की समस्या, इसराना में सर्विस रोड की खराब स्थिति और स्ट्रीट लाइट्स के बंद होने जैसे कार्यों पर और ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि डाहर टोल पर आवश्यक सुविधाओं पर ध्यान देना होगा। टोल अधिकारियों पर काम में देरी पर और सख्ती बरतने के भी  उपायुक्त ने आदेश दिए।

  शहरी विधायक प्रमोद विज ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कई सुझाव दिए व कई अन्य जनहित के कार्यों  का भी अपडेट अधिकारियों से लिया। उन्होंने एलिवेटेड बस स्टॉप की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से पिछले 8 महीनों में किए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाने जरूरी हैं, जिनमें रिंग रोड का निर्माण और महत्वपूर्ण स्थानों पर रेड लाइट लगाना शामिल है।

    जिला भाजपा अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने भी शहर के विकास को लेकर अपने सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और शहर के समग्र विकास के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

  पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने सडक़ सुरक्षा को मजबूत करने, दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी, सीएमओ विजय मलिक, डीईओ राकेश बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments