आर्य पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा करवाया गया भाषण, डायग्राम एवं पोस्टर मैकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
BOL PANIPAT , शुक्रवार 03 अक्टूबर 2025,
आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को अर्थशास्त्र विभाग की कौटिल्य इकोनॉमिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में भाषण प्रतियोगिता, डायग्राम एवं पोस्टर मैकिंग प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतवीर सिंह, डॉ. रमेश शिंगला, डॉ. रजनी शर्मा सहित अन्य स्टॉफ सदस्यों को बधाई दी व विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कमाना की।
भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आर्थिक, सामाजिक व शैक्षणिक विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। वहीं, डायग्राम एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी सृजनात्मकता और कला-कौशल के माध्यम से समाजिक मुद्दों, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक विकास और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों को चित्रों के जरिए उकेरा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ.जगदीश गुप्ता ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के लिए केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। भाषण प्रतियोगिता से जहां विचारों को अभिव्यक्त करने की कला विकसित होती है, वहीं पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति और कला कौशल को निखारती हैं।
इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, वक्तृत्व कला और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है।
जानकारी देते हुए डॉ. रजनी शर्मा ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में बी.कॉम तृतीय वर्ष की छात्रा सुषमा ने प्रथम स्थान, बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा केशवी ने दूसरा, एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा दिव्या मल्होत्रा एवं बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र नीतीश ने तीसरा स्थान और पुष्पांजलि ने चौथा स्थान हासिल किया।
डायग्राम मैकिंग प्रतियोगिता में एम.ए. प्रथम वर्ष से ईशा सैनी ने प्रथम स्थान, बीए ऑनर्स द्वितीय वर्ष की छात्रा छाया ने दूसरा, एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा अन्नू शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, पोस्टर मैकिंग प्रतियोगिता में बी.ए. अर्थशास्त्र की प्रथम वर्ष की छात्रा पायल ने प्रथम स्थान, बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा कोमल यादव ने दूसरा और बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा हिमानी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बीए ऑनर्स द्वितीय वर्ष की छात्रा छाया, अर्चना एवं छात्र प्रिंस को कक्ष प्रशंसा पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. अंजू मलिक ने किया। साथ ही निर्णायक मंडल की भूमिका के रूप में डॉ. रमेश शिंगला, डॉ. रजनी शर्मा एवं डॉ. सोनिया सोनी ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनके प्रयासों को सराहा।
इस अवसर पर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतवीर सिंह, डॉ. रमेश शिंगला, डॉ. सोनिया सोनी, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. अंजू मलिक, डॉ. गरिमा डुडेजा, प्रा. हीना, प्रा. नैन्सी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments