हरियाणा की मिट्टी में बसता है खेल: अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ पंकज
एडीसी डॉ. पंकज ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह. मंत्री पंवार की ओर से 11 लाख का अनुदान घोषित.
कृष्णा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स अकैडमी में दमदार मुकाबले. लड़के–लड़कियों ने दिखाई जोरदार कुश्ती प्रतिभा
BOL PANIPAT, 16 नवंबर। कृष्णा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स अकैडमी, शाहपुर में रविवार को आयोजित कृष्णा कुंडू कुश्ती गोल्ड कप में अंडर–13 से अंडर–17 वर्ग के लड़कों व लड़कियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शानदार प्रतिभा का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों ने पूरे आयोजन को उत्साह और जोश से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “हरियाणा की मिट्टी में खेल बसता है। यहां की प्रतिभाएं न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। अकादमी की तरफ से अतिरिक्त उपायुक्त डॉ पंकज का पगड़ी पहनकर स्वागत किया व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
डॉ. पंकज ने कहा कि वे स्वयं हरियाणा से संबंध रखते हैं, इसलिए खेलों के प्रति उनकी विशेष भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने आगे कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई प्रभावी योजनाएं चला रही है, जिनका उद्देश्य ग्रामीण स्तर से लेकर राष्ट्रीय मंच तक खिलाड़ियों को मजबूत आधार प्रदान करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा अकादमी को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पंकज ने हरियाणा के पंचायती एवं विकास मंत्री कृष्णलाल पंवार का संदेश भी पढ़ कर सुनाया तथा उनकी ओर से अकादमी को 11 लाख रुपये का अनुदान निजी कोष से देने की घोषणा की।
हरियाणा कुश्ती संघ के सचिव राकेश कुमार ने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयासरत है, ऐसे में युवा पहलवानों के लिए यह बड़ा अवसर होगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को नशे से दूर रहते हुए खेल पर फोकस करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट कृष्ण कुंडू, कोच प्रदीप, कोच नरेंद्र मलिक, आकाश मलिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे।

Comments