Tuesday, September 22, 2026
Newspaper and Magzine


अनुशासन, टीम भावना और धैर्य सिखाता है खेल: गुलाब सिंह सैनी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE SPORTS , at September 22, 2026 Tags: , , ,

डीपीएस पानीपत सिटी में सीबीएसई नेशनल गर्ल्स तीरंदाजी चैंपियनशिप का भव्य आगाज

देश-विदेश के करीब 500 खिलाड़ी दिखाएंगे तीरंदाजी का हुनर, 27 सितंबर तक चलेगी प्रतियोगिता

खेल प्रतिभाओं के महासंगम से गूंजा डीपीएस पानीपत सिटी, खिलाडिय़ों ने किया शानदार मार्च पास्ट

BOL PANIPAT , 22 सितंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) पानीपत सिटी में सीबीएसई नेशनल अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 गल्र्स तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। 21 से 27 सितंबर तक चलने वाली सात दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश-विदेश के विभिन्न स्कूलों से आए करीब 500 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय परिसर में खेल प्रतिभाओं और उत्साह का शानदार संगम देखने को मिला।

चैंपियनशिप की ओपनिंग सेरेमनी में दक्षिण एशिया के पूर्व चेयरमैन एवं वर्तमान में एशियन कबड्डी फेडरेशन के चेयरमैन तथा कनाडा में विपक्ष के सलाहकार गुलाब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ बूरा खाप रोहतक के अध्यक्ष एवं ईक्यूआरएम एआई मार्ट प्राइवेट लिमिटेड के जूनियर प्रेसिडेंट तथा सामाजिक कार्यकर्ता सत्येंद्र सिंह बूरा, भगवान महावीर स्पोट्र्स फाउंडेशन सोसाइटी के चेयरमैन एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा दक्षिण एशिया में निदेशक एवं विपक्ष के सलाहकार हिसम सिंह सैनी, सीबीएसई निरीक्षक सुमित चौधरी, तकनीकी प्रतिनिधि लक्ष्मण वर्मा, टूर्नामेंट निदेशक नागेश तथा अकादमिक अध्यक्ष नरेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

विद्यालय में आगमन पर सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या, मुख्याध्यापिका सरिता विज एवं उपप्रधानाचार्या आभा विशाद ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर चैंपियनशिप के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।

प्रधानाचार्या की ओर से मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का बुके भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।  प्रेरणादायक गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अतिथियों, खिलाडिय़ों और दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद विभिन्न टीमों के खिलाडिय़ों ने खेल भावना और अनुशासन की शपथ ली तथा आकर्षक मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुलाब सिंह सैनी ने डीपीएस पानीपत सिटी को इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों और उनके प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की सीख भी देता है।

उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेना और पूरे समर्पण के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। विद्यालय के प्रो-वाइस चेयरमैन अमित राणा ने विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से पहुंचे खिलाडिय़ों और उनके प्रशिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की ओर से चैंपियनशिप में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों और टीमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि खिलाड़ी पूरी एकाग्रता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार में खासा उत्साह देखने को मिला। अगले छह दिनों तक तीरंदाजी के विभिन्न मुकाबलों में देश-विदेश से आए खिलाड़ी अपने कौशल और सटीक निशाने का प्रदर्शन करेंगे।

Comments


Leave a Reply