कमजोर वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों व छोटे दुकानदारों के साथ-साथ किसानों के लिए प्रीमियम भरेगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने परिवार समृद्धि योजना के तहत वीडियो कांफ्रेंस करते हुए कहा
जिला स्तरीय कार्यक्रम के तहत डीसी सुशील सारवान ने लाभार्थियों को वितरित किए प्रतिपूर्ति पत्र
BOL PANIPAT , 31 जनवरी। मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत हरियाणा के सभी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, किसान, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों व छोटे दुकानदारों के लिए विभिन्न बीमा योजना तथा पैंशन योजना का प्रीमियम राज्य सरकार भरेगी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सोमवार को राज्य के उपायुक्तों के साथ इस सम्बंध में वीडियो कांफ्रेंस की और मुख्यमंत्री ने राज्य के 3 लाख 14 हजार लाभार्थियों के खाते में 5.50 करोड़ रूपये की प्रीमियम राशि भी ट्रांसफर की। वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त सुशील सारवान ने जिला में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना के 143 व प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के 41 लाभार्थियों को प्रतिपूर्ति पत्र सौंपे।
डीसी सुशील सारवान ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि इस योजना के दायरे में आने वाला प्रत्येक परिवार 6 हजार रूपये प्रति वर्ष के लाभ के लिए पात्र होगा। इस पैसे का उपयोग पैंशन और बीमा के लिए केन्द्र प्रायोजित योजनाओं के लिए लाभार्थी के हिस्से के भुगतान के लिए किया जाएगा। लाभार्थियों को अपना पंजीकरण करवाकर पहला प्रीमियम खुद भरना होगा तथा इसके बाद का प्रीमियम हर वर्ष राज्य सरकार भरेगी। यही नही लाभार्थी द्वारा भरे गए पहले प्रीमियम की राशि भी वापिस लाभार्थी के खाते में सरकार द्वारा जमा करवा दी जाएगी यानि सरकार द्वारा पूर्ण प्रीमियम वहन किया जाएगा, ऐसे में अधिक से अधिक लाभार्थियों को अपने आप को मुख्यमंत्री समृद्धि योजना के लिए पंजीकृत करवाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से चलाई जा रही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त शेष राशि को किसान अपनी फसल बीमा योजना के प्रीमियम में भी उपयोग कर सकता है।
इस मौके पर एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम धीरज चहल, सीटीएम राजेश सोनी, एएलसी पवन कुमार, एलडीएम कमल गिरिधर, डीआईओ मुकेश चावला, एडीआईओ संजय कुमार इत्यादि सहित विभिन्न अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments