राज्य सरकार का आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम: अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज
ईडब्ल्यूएस फ्लैट बुकिंग पोर्टल पुन: खुला, पात्र परिवारों के लिए सुनहरा अवसर
20 से 25 फरवरी तक विशेष अवसर, सभी पात्र करें आवेदन
‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
BOL PANIPAT , 23 फरवरी। हरियाणा सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए एक अहम निर्णय लेते हुए 23 अक्टूबर 2025 की नीति के अंतर्गत लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित फ्लैटों की बुकिंग हेतु ऑनलाइन माध्यम (पोर्टल) को पुन: खोल दिया है। यह व्यवस्था 25 फरवरी तक के लिए प्रभावी रहेगी।
इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि प्रत्येक पात्र परिवार को अपने घर का सपना साकार करने का समान अवसर मिलना चाहिए। यह निर्णय जनहित में लिया गया है, ताकि जो पात्र आवेदक पूर्व में किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे, उन्हें एक और अवसर प्रदान किया जा सके।
डॉ. पंकज ने कहा, राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाए। इस नीति के अंतर्गत लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में निर्धारित फ्लैट पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आवंटित किए जा रहे हैं। इस समय कुल 849 पात्र परिवार हैं, जिनमें से 319 पहले ही आवेदन कर चुके हैं और 530 लाभार्थी अभी आवेदन करना बाकी हैं। सभी योग्य आवेदक इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।
डॉ. पंकज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस विषय में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आवेदकों को लघु संदेश सेवा (एसएमएस) के माध्यम से भी सूचित किया जा रहा है, ताकि कोई भी योग्य लाभार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन माध्यम पर जाकर अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह पहल ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जिले के अनेक जरूरतमंद परिवारों को स्थायी और सुरक्षित आवास उपलब्ध हो सकेगा।

Comments