मंडियों में सफाई व सुविधाओं में कमी मिली तो अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
धान खरीद में गेट पास व वेरिफिकेशन में कोताही बर्दाश्त नहीं
मंडी में लाइट-पानी समेत किसानों की सुविधाएं मजबूत रखने के निर्देश
उपायुक्त ने कांटा, हेल्प डेस्क, अटल कैंटीन और धान की ढेरी पर जाकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
BOL PANIPAT , 5 अक्टूबर। मंडियों में धान की आवक का कार्य शुरू हो चुका है। किसानों को फसल बेचने में किसी भी तरह की परेशानी न हो और मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें, इसके लिए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को पानीपत अनाज मंडी का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में सफाई व्यवस्था सहित धान खरीद से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी नजर आई, उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने मंडी में धान की ढेरियों पर जाकर फसल की जांच की। उन्होंने आधुनिक मॉइस्चर मीटर से धान में नमी की जांच भी की और खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि किसानों की फसल की खरीद में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। लिफ्टिंग का कार्य भी सुचारू रूप से होना चाहिए, ताकि मंडी में फसल का अनावश्यक रूप से जमाव न हो। उन्होंने संबंधित खरीद एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि गेट पास जारी करने और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर पूरी की जाएं। उपायुक्त ने मंडी में कांटे की व्यवस्था को भी चेक किया और तौल प्रक्रिया को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों के लिए साफ-सफाई, पीने के पानी और बिजली की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। किसानों को किसी भी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि मंडियों में साफ-सफाई केवल निरीक्षण के समय ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। यदि सफाई व्यवस्था अथवा अन्य जरूरी सुविधाओं में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. वशिष्ठ ने मंडी स्थित अटल कैंटीन का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध करवाए जा रहे खाने की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने कैंटीन में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मंडी में बनाए गए हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया और कर्मचारियों को किसानों की समस्याओं का ईमानदारी एवं तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मंडियों में खरीद व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंडियों में व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखें और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, तहसीलदार मनोज, एसडीओ देवेंद्र कुमार, राधेश्याम, सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर तथा सचिव आशा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments