Tuesday, July 21, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के छात्र ने राज्य स्तरीय सरस्वती महोत्सव क्विज में जीता पहला स्थान 

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 24, 2026 Tags: , , , ,

हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित इस क्विज में हासिल किया 15 हज़ार रूपये का नकद पुरस्कार  

सरस्वती केवल एक नदी नहीं बल्कि भारत की महान संस्कृति का एक सांस्कृतिक सूत्र है: डॉ अनुपम अरोड़ा 

BOL PANIPAT , 24 जनवरी, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के बीएससी के छात्र राहुल ने पेहोवा तीर्थ पर आयोजित राज्य स्तरीय सरस्वती महोत्सव क्विज में पहला स्थान पाकर कॉलेज और पानीपत जिले का नाम रोशन किया । डीजीएचई हरियाणा सरकार द्वारा प्रायोजित राज्य स्तरीय सरस्वती क्विज का आयोजन पेहोवा तीर्थ पेहोवा में किया गया जिसमें राज्य के प्रत्येक जिले के विजेता प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया । राहुल को प्रथम स्थान हासिल करने पर 15 हज़ार का नकद पुरस्कार, मुमेंटो और सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया । विजेता छात्र का कॉलेज प्रांगण में पहुँचने प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और अन्य प्राध्यापकों ने स्वागत किया । उन्होनें लाइफ साइंस विभाग और इस क्विज में छात्र के मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रो अन्नू आहूजा और डॉ मोनिका खुराना को भी विशेष रूप से बधाई दी । राहुल इससे पहले देशबंधु राजकीय कॉलेज पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का विजेता बना था जिसके बूते पर उसने राज्य स्तरीय सरस्वती महोत्सव क्विज के लिए कवालिफाई किया । यह क्विज हरियाणा सरकार द्वारा सरस्वती महोत्सव जिसे 19 से 23 जनवरी तक मनाया गया का हिस्सा थी । विदित रहे कि सरस्वती महोत्सव हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक है । प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित सरस्वती महोत्सव को सामूहिक रूप से माने गया जो इस बात का प्रमाण है कि सरस्वती केवल एक पौराणिक नदी नहीं बल्कि भारत की महान संस्कृति का एक सांस्कृतिक सूत्र भी है । सरकार ने गहन शोध कर सरस्वती नदी को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से ही वर्ष 2015  में हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड की स्थापना की । 

डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा में सरस्वती नदी को पुनः प्रवाहित करने का कार्य तीव्र गति से चल रहा है । नदी के निरंतर प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार ने हिमाचल सरकार के साथ ऐतिहासिक समझौता भी किया है । सरस्वती हेरिटेज प्रोजेक्ट अतीत, वर्तमान और भविष्य के लिए एक स्थिर विकास का मिशन है और इससे जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों को ‘सरस्वती तीर्थ’ के रूप में विकसित करना ही सरकार का लक्ष्य है । सरस्वती नदी हिंदू धर्म में ज्ञान, पवित्रता और विद्या की देवी के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है । ऋग्वेद में इसे ‘नदीतमा’ (नदियों में श्रेष्ठ) कहा गया है जो वेदों की रचना की प्रमुख स्थल थी । यह विवर्तनिक परिवर्तनों के कारण विलुप्त मानी जाती है लेकिन अब भी प्रयागराज (त्रिवेणी संगम) में गंगा-यमुना के साथ गुप्त रूप से प्रवाहित मानी जाती है जो आध्यात्मिक पवित्रता व पुनरुत्थान का प्रतीक है । सरस्वती को केवल नदी नहीं, बल्कि बुद्धि और विद्या की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है । मान्यता है कि वेदों की अधिकांश ऋचाओं की रचना इसी नदी के तट पर हुई थी । यह नदी प्राचीन सरस्वती-सिंधु सभ्यता (आर्यावर्त) का केंद्र थी । मनुस्मृति में सरस्वती और द्रिषद्वती नदियों के बीच की भूमि को ‘ब्रह्मवर्त’ कहा गया है । पौराणिक कथाओं में उल्लेख है कि सरस्वती नदी वशिष्ठ और विश्वामित्र के विवाद या गणेश जी के श्राप के कारण विलुप्त या भूमिगत हो गई । क्विज के बारे में बोलते हुए उन्होनें कहा कि क्विज़ एक प्रकार की दिमागी कसरत है जिसमें प्रतिभागी सवालों के सही उत्तर देने का प्रयास करते हुए अपने बौद्धिक विकास को सक्रीय करता है । क्विज़ एक प्रकार का संक्षिप्त मूल्यांकन भी हैं जिसका प्रयोग शिक्षा या इसी प्रकार के अन्य क्षेत्रों में ज्ञान, योग्यता और कौशल में वृद्धि को मापने के लिए किया जाता है । राहुल बहुत ही होनहार छात्र है और ये जिस भी प्रतियोगिता में भाग लेता है तो कोई न कोई ईनाम अवश्य लेकर आता है । 

डॉ मोनिका खुराना ने कहा कि क्विज़ छात्रों के मूल्यांकन के लिए एक सटीक माध्यम है । एक परीक्षा की तुलना में क्विज को पूरा करने के लिए समय की भी कम आवश्यकता होती है । पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल करने पर उन्होनें राहुल की तारीफ़ की ।

Comments