भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आज एक भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में एम.ए. (राजनीति विज्ञान) प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर अपने सशक्त विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के लिए विषय के रूप में “राष्ट्रवाद का उदय और उसके अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर प्रभाव और “राजनीतिक विमर्श को आकार देने में फेक न्यूज़ की भूमिका” निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने राष्ट्रवाद, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और मिथ्या समाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि “इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने में अत्यंत सहायक होती हैं। ऐसे आयोजन न केवल ज्ञानवृद्धि करते हैं बल्कि विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं विश्व स्तर की समकालीन परिस्थितियों को गहराई से समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।”
राजनीति विज्ञान की विभागाध्यक्षा उप प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के वैश्विक राजनीतिक परिदृश्य में राष्ट्रवाद और मिथ्या समाचार जैसे जटिल विषय न केवल राजनीतिक सोच और जनमत को आकार देते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय नीति और संबंधों पर भी गहरा प्रभाव डालते हैं। छात्रों द्वारा इन विषयों पर प्रस्तुत तर्कपूर्ण और शोधपरक दृष्टिकोण न केवल उनकी अकादमिक समझ को प्रदर्शित करता है, बल्कि उन्हें वैश्विक परिप्रेक्ष्य से सोचने और आलोचनात्मक विश्लेषण करने के लिए प्रेरित करता है।
मंच का सफल संचालन एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा साक्षी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मनीष (एम.ए. प्रथम वर्ष), द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से लक्ष्य (एम.ए. प्रथम वर्ष) एवं गीता (एम.ए. द्वितीय वर्ष) तथा तृतीय स्थान शिवानी (एम.ए. प्रथम वर्ष) ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन गतिविधि प्रभारी प्रो.राहुल कुमार द्वारा किया गया।
निर्णायक मंडल के रूप में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. खुशबू, प्रो. पूजा और प्रो. कुलदीप शर्मा ने मूल्यांकन की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को प्रमाण पत्र द्वारा पुरस्कृत किया गया और सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए प्रतीकात्मक उपहार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का समापन उत्साह और प्रसन्नता के वातावरण में हुआ।

Comments