Tuesday, February 10, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी में राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह-2022 का सफलतापूर्वक समापन

By LALIT SHARMA , in Business , at February 23, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT :- 23 फरवरी, 2022, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में “उत्पादकता के माध्यम से आत्मनिर्भरता” विषय पर उत्पादकता सप्ताह-2022 के उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए दिनांक 22 फरवरी, 2022 को उत्पादकता सप्ताह का समापन हुआ। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करते हुए सप्ताह भर (18 से 22 फरवरी) चली कई प्रकार की गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं  का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

समापन समारोह के कार्यक्रम की शुरुआत श्री गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी, की गरिमामय उपस्थिति में सप्ताह के दौरान संपन्न गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए एक प्रस्तुति के द्वारा हुई। समारोह में मुख्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर बोलते हुए, श्री सिकदर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यद्यपि उत्पादकता सप्ताह-2022 का समापन हो गया है, लेकिन उत्पादकता बढ़ाना एक सतत प्रक्रिया है, अत: इसे निरंतर अर्थात सभी 365 दिनों तक जारी रखना चाहिए जोकि हमारे स्वयं व कॉर्पोरेट दोनों के विकास के लिए जरूरी है। उन्होने आगे कहा कि हम सभी को अपना अधिकतम एवं सर्वश्रेष्ठ देने के लिए हमेशा तैयार रहने की मानसिकता बनाई रखनी चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे द्वारा किए जा रहे सभी कार्यों में हमेशा सुधार की गुंजाइश बनी रहती है और यही चीज उत्पादकता बढ़ाने का काम करती है । हमें हमेशा इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हमें अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में कार्यों को सुरक्षा, विश्वसनीयता के साथ-साथ बढ़ी हुई उत्पादकता के साथ पूरा करना चाहिए, क्योंकि उत्पादकता बढ़ाने के लिए रुकावट मुक्त उत्पादन करना नितांत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से आग्रह किया सुझाव पखवाड़े के अंतर्गत, जोकि 28 फरवरी तक खुला है, में अपने सर्वोत्तम सुझाव प्रेषित करें। समापन से पूर्व पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें श्री सिकदर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

Comments