पानीपत नेफ्था क्रैकर संयंत्र में ऑनसाइट आपदा ड्रिल का अभ्यास सफलतापूर्वक सम्पन्न
BOL PANIPAT : 2 जनवरी, 2022: पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स (पीआरपीसी) द्वारा आग एवं गैस जैसे खतरे से निपटने के लिए हाल ही में पानीपत नेफ्था क्रैकर संयंत्र में विभिन्न विभागों के द्वारा हाइड्रोकार्बन गैस एंव आग के खतरे से निपटने की तैयारियों के सही आकलन करने हेतु एक ऑनसाइट आपदा ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस ड्रिल के परिदृश्य में टैंक फार्म 7 के पम्प 68-P-11A के सील से हाइड्रोकार्बन का रिसाव एंव आग की घटना को दर्शाया गया था। सुबह 10:44 बजे पम्प से C4H mix को AU व BDEU यूनिट में भेजा जा रहा था तभी पम्प के सील मे खराबी आने से हाइड्रोकार्बन गैस का रिसाव होना शुरू हुआ और थोड़ी देर बाद आग लग गयी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 10.51 बजे अग्नि एंव सुरक्षा प्रभारी ने मुख्य सुरक्षा प्रबन्धक से चर्चा करके आपातकालीन सायरन बजाने का आदेश दिया और 10:51 बजे सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) ने इस घटना को L-2 आपदा घोषित कर दिया।
आपातकालीन सायरन बजते ही फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ साइट पर गई और ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव पर काबू करने के लिए फायर मॉनिटर और वाटर कर्टन के माध्यम से आपातकाल नियंत्रण कार्य प्रारंभ किया। एम. एल. डहरिया , कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी को इस बारे में सूचना दी गई । उनके द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन करके लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद ठीक 11:44 बजे स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण करके स्थिति सामान्य होने की घोषणा की गई।
इस आपदा ड्रिल के बाद एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा श्री डहरिया तथा संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। डहरिया ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना की तथा इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी दिए।

Comments