एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने लंबित मामलों को लेकर क्राइम यूनिट व एंटी व्हीकल थेप्ट टीम के साथ की समीक्षा बैठक. मामलों में पेंडिग फरार आरोपियों की धरपकड़ के दिए सख्त निर्देश.
BOL PANIPAT , 12 मई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मंगलवार को लंबित आपराधिक मामलों एंव वाहन चोरी के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को लेकर सीआईए वन व एंटी व्हीकल थेप्ट के प्रभारी और कर्मचारियों की विशेष बैठक ली। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में दर्ज मामलों में की गई कार्रवाई की गहन समीक्षा करते हुए मामलों में पेंडिग फरार आरोपियों की जल्द धरपकड़ के लिए संबंधित अनुसंधानकर्ता पुलिस अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान सख्त निर्देश दिए कि किसी भी मामले की जांच लंबे समय तक पेंडिग न रहे और समय सीमा के भीतर चालान माननीय न्यायालय में पेश किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं बल्कि सूचना तंत्र को मजबूत करना भी आवश्यक है। इसके लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से बेहतर संवाद स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि अपराध नियंत्रण में जनसहयोग को मजबूत बनाया जा सके। अनुसंधानकर्ता पुलिस अधिकारियों को मामलों में आरोपी की गिरफ्तारी करते समय निर्धारित विधिक प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों से कहा कि आमजन पुलिस से न्याय एवं सुरक्षा की अपेक्षा रखते हैं, इसलिए शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखना प्रत्येक पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ कार्य करें। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार, एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश, एसपी रीडर सब इंस्पेक्टर सुभाष, सेना क्लर्क सब इंस्पेक्टर रविंद्र, सुरक्षा शाखा इंचार्ज एएसआई राकेश, स्टेनो राजबीर और दोनों टीमों के अनुसंधानकर्ता पुलिस अधिकारी मौजूद रहें।

Comments