रास्ता रोककर नाबालिग का अपहरण कर मारपीट व धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT, 23 जून : थाना सेक्टर 13/17 क्षेत्र में नाबालिग का रास्ता रोककर अपहरण कर मारपीट करने व धमकी देने के दो आरोपियों को सीआईए वन पुलिस टीम ने रविवार देर रात मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर राणा माजरा से काबू किया । आरोपियों की पहचान राणा माजरा निवासी समरा व आठ मरला निवासी रोहित के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों नशा करने के आदी हैं। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ दोनों आरोपी रोटी बैंक के नाम पर शहर में पर्चियां काटकर पैसों को नशे में खर्च कर देते थे। 20 जून को नशे की पूर्ति के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। दोनों आरोपी रोटी बैंक की रसीद बुक लेकर अपनी प्लसर बाइक पर शहर में निकले, लेकिन किसी ने पर्ची नहीं कटवाई। इसके बाद वे अंसल क्षेत्र में पहुंच गए, जहां उन्हें तीन युवक खड़े दिखाई दिए।
आरोपियों ने अपने चेहरे रूमाल से ढक लिए और युवकों के पास जाकर उनका रास्ता रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्होंने तीनों युवकों की तलाशी ली। जब उनके पास पैसे नहीं मिले तो आरोपियों ने दो युवकों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए और पैसे देने के बाद फोन वापिस करने की बात कही। एक युवक ने कहा उसका फोन दे दो वह गूगल पे से पैसे दे देगा, जिसके बाद आरोपी उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर बराना गांव के खेतों में ले गए।
वहां युवक ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल का पासवर्ड पूछा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बाद में पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने मोबाइल फोन बराना अड्डे के पास दुकानों के सामने फेंक दिए और मौके से भाग गए थे।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त प्लसर बाइक बरामद कर सोमवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आरोपी रोहित का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है। उसके खिलाफ हत्या, चोरी तथा मारपीट की वारदातों के पानीपत और करनाल में करीब 20 मामले दर्ज हैं। आरोपी करीब तीन माह पहले करनाल जेल से जमानत पर बाहर आया था।
यह है मामला
थाना सेक्टर 13/17 में सेक्टर 18 निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 17 वर्षीय नाबालिग बेटा अपने दो दोस्तों के साथ 20 जून को दोपहर करीब 12 बजे ट्यूशन पढने के बाद बाइक व स्कूटी से अंसल में घुमने चले गए थे। वहा एक बगैर नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने बाइक अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। युवकों ने मुंह को कपड़े ढका हुआ था। युवक अपने आप को सीआईए पुलिसकर्मी बताते हुए उनकी तलाशी लेने लगे। बेटे व उसके एक दोस्त के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद आरोपी उसके बेटे को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर बराना गांव के खेतों में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। बाद में धमकी देकर छोड़ दिया। बेटा वहा से घर आ रहा था तो बराना गांव के पास एक राहगिर ने बेटे को फोन वापिस कर कहा कि उसे फोन सड़क पर पड़े मिले थे। आरोपियों ने बेटे का अपहरण कर मारपीट की । राजेश की शिकायत पर थाना सेक्टर 13/17 में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास शुरू किए थे।

Comments