एन.एस.एस., एन.सी.सी. और स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब की ओर से ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी.पी.जी. महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में एन.एस.एस., एन.सी.सी. और स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब की ओर से ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर सभी शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी मानव जाति के महान प्रेमी और मार्गदर्शक थे। उनके जीवन के अनुभव हमें निरंतर प्रेरित करते हैं, इसलिए युवाओं को अपने सुस्त जीवन को त्यागकर उनके कर्मठ जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने स्वामी जी को भारत के सच्चे रत्नों में से एक बताया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश सेवा और जन-उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।
उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने कहा कि स्वामी जी के विचार युवाओं के लिए ऊर्जा का स्रोत हैं। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी से वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का डंका बजाया और धर्म को समाज सेवा से जोड़ा । विवेकानंद यूथ क्लब के संयोजक डॉ. गुरनाम ने कहा कि स्वामी जी का मानना था कि संघर्ष जितना बड़ा होगा, जीत भी उतनी ही शानदार होगी। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम है। एन.एस.एस. संयोजिका सुश्री खुशबू ने सभी को संकल्प दिलाते हुए कहा कि भारत को आर्थिक रूप से सुरक्षित और स्वावलंबी बनाने के लिए हम अपने परिवार और व्यापार में स्थानीय वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे तथा विदेशी कंपनियों के उत्पादों के प्रयोग से बचेंगे। उन्होंने युवाओं को उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया । स्वयंसेवकों और कैडेट्स द्वारा 2 किलोमीटर लंबी स्वदेशी संकल्प दौड़ लगाई गई, जिसे कॉलेज प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों ने “स्वदेशी अपनाओ-भारत को सशक्त बनाओ” और “स्वरोजगार अपनाओ-भारत को समृद्ध बनाओ” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ नीतू, प्रो. राहुल कुमार, प्रो. पूजा भोला, प्रो. कुलदीप, स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने अहम भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में डॉ सुनीत शर्मा, डॉ. विक्रम कुमार, प्रो अजय पाल सिंह, डॉ. सुनीता रानी, डॉ शर्मिला यादव, डॉ प्रवीण कुमार, डॉ भगवंत कौर आदि उपस्थित रहे ।

Comments