पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ( PNB RSETI ) पानीपत में धूमधाम से मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस. पूर्व मंत्री विशंभर वाल्मीकि ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत.
“स्वरोजगार ही सच्ची देश भक्ति” : विशंभर वाल्मीकि
BOL PANIPAT , 15 अगस्त 2026: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पानीपत के प्रांगण में आज स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में देश के शहीदों को याद करते हुए देशभक्ति के रंग बिखेरे गए और स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विशंभर वाल्मीकि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस गौरवमयी क्षण में उनके साथ विशिष्ट अतिथि पूर्व आर्मी कप्तान महावीर मलिक मौजूद रहे। राष्ट्रगान के बाद सभी अतिथियों ने तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसमें प्राची ने ‘देशभक्ति गीत’ पर अपनी शानदार प्रस्तुति देकर वहां मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विशंभर वाल्मीकि ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों की याद दिलाता है जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। आज के दौर में देश को आर्थिक रूप से मजबूत करना और युवाओं का आत्मनिर्भर बनना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ग्रामीण युवाओं को हुनरमंद बनकर देश की तरक्की में बड़ा योगदान दे रहा है। विशिष्ट अतिथि पूर्व कप्तान महावीर मलिक ने भी युवाओं में अनुशासन और देश सेवा के जज्बे को बनाए रखने की प्रेरणा दी।
इस विशेष अवसर पर दीक्षांत समारोह का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम PMEGP के सफल प्रशिक्षणार्थियों को कोर्स पूरा होने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अतिथियों ने युवाओं को स्वरोजगार शुरू कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन अनिल मलिक द्वारा किया गया। उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में कार्यक्रम को बांधे रखा। इसके साथ ही उन्होंने PNB RSETI पानीपत की विभिन्न गतिविधियों, ट्रेनिंग कोर्स और ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर पी एंड आर के डायरेक्टर प्रवीण , पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर विशाल और एफएलसी भोरिया उपस्थित रहे। इन सभी अधिकारियों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया और बैंक की तरफ से हर संभव वित्तीय सहायता का भरोसा दिया।
कार्यक्रम के समापन पर पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पानीपत के निदेशक दिलबाग सिंह ने मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री बिशंबर वाल्मीकि, पूर्व कप्तान महाबीर मलिक और बैंक के सभी वरिष्ठ अधिकारियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतिथियों के मार्गदर्शन से संस्थान और यहां के छात्रों का हौसला बढ़ा है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह पूरी निष्ठा के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद नोट पढ़ा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विशंभर वाल्मीकि ,विशिष्ट अतिथि पूर्व आर्मी कप्तान महावीर मलिक, पी एंड आर के डायरेक्टर प्रवीण , पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर विशाल और एफएलसी भोरिया स्टाफ सदस्य राजकुमार कादियान , अनिल मलिक , संकाय सुमिता , पूर्व प्रतिभागी ज्योति,सुमन , सुमेन , पुष्पा व , रामेश्वर दीवाना व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Comments