Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


आयुष्मान शल्य अभियान को मिली सफलता. 130 मरीजों की निःशुल्क सर्जरी संपन्न”: सीएमओ विजय मलिक

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 22, 2025 Tags: , , , , ,

-सरकारी अस्पतालों में उमड़ी उम्मीद, आयुष्मान योजना से गरीब मरीजों को मिली नई जिंदगी”

BOL PANIPAT , 22 नवंबर। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में चलाया गया विशेष आयुष्मान शल्य चिकित्सा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह अभियान 17 से 22 नवम्बर तक चलाया गया। इस अभियान में आमजन को आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध सरकारी आरक्षित सर्जिकल पैकेजों की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क सर्जरी करवाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान जिले की सभी स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए। स्वास्थ्य कर्मियों ने गांवों, वार्डों और अस्पताल परिसरों में लोगों को बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पंजीकृत लाभार्थी बिना किसी आर्थिक बोझ के उच्च गुणवत्ता वाली सर्जरी सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी विजय मलिक ने बताया कि सर्जिकल कैम्प की अवधि में कुल 130 मरीजों की सफल सर्जरी की गई। इनमें नागरिक अस्पताल पानीपत में 120, सब-डिवीजनल अस्पताल समालखा में 5, तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोतपुरा में 5 सर्जरी शामिल हैं। सभी सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क करवाई गईं, जिससे मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली।

सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने बताया कि यह अभियान सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण है जिसके तहत हर पात्र नागरिक को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने कहा, “आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है। इस अभियान ने योजना को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों और प्रभावी प्रबंधन के तहत सभी सर्जरी सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराई गईं। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे अभियानों को नियमित अंतराल पर आयोजित करने की बात कही, ताकि कोई भी पात्र मरीज आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित न रह जाए।

सीएमओ विजय ने बताया कि अभियान की सफलता से स्वास्थ्य विभाग को नई ऊर्जा मिली है और लोगों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने इसे लोक-स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों की टीमों की सराहना की है।

Comments