विश्व मानचित्र पर मीडिया के सामने उसकी विश्वसनीयता बरकरार रखना सबसे बड़ी चुनौती : अमित आर्य
BOL PANIPAT, 3 सितंबर–मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य ने कहा कि विश्व मानचित्र पर मीडिया के सामने उसकी विश्वसनीयता बरकरार रखना सबसे बड़ी चुनौती है। वे शनिवार को पानीपत में हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से आयोजित विचार गोष्ठी एवं पॉलिसी वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्वसनीयता की चुनौती पर खरा उतरने के लिए हम सभी को सजग और सावधान रहना होगा ताकि पत्रकारिता का मूल बरकरार रहे।
उन्होंने कहा कि समाज को एक सूत्र में पिरोने और सकारात्मकता के साथ समाज को आगे बढ़ाने का काम मीडिया कर रहा है लेकिन वर्तमान में इसके दुरुपयोग को लेकर जो प्रयोग हो रहे हैं उसने मीडिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं जो कि हम सबके लिए मंथन और चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी इस पर बड़ी गंभीरता के साथ मंथन कर रही है और दूसरे राज्यों से भी इसके लिए सहायता ली जा रही है।
अमित आर्य ने कहा कि जब से हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बनी है तब से पत्रकारों को सुविधाएं देने के लिए विशेष तौर पर काम किया गया है। पत्रकारों के लिए पेंशन शुरू करने वाला हरियाणा इकलौता प्रदेश है। उन्होंने कहा कि वे सदैव मीडिया कर्मियों को सुविधाएं और इन्हें पारिवारिक माहौल देने के लिए मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह करते रहेंगे। उन्होंने पत्रकारों के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के लिए भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया। अमित आर्य ने कहा कि पत्रकारों की ओर से उन्हें जो मांगों का ज्ञापन दिया गया है वह इस पर गंभीरता से विचार करेंगे और इसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे।
इस अवसर पर मीडिया समन्वयक रणदीप घनघस ने शोध पत्रकारिता और इसके इतिहास को लेकर विभिन्न पहलू पत्रकारों के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकार नित्य नए नए शोध भी करता रहे ताकि समाज में सकारात्मक भूमिका भूमिका बनी रहे।

उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि जिला प्रशासन पत्रकारों के लिए सदैव तत्पर है,समाज हित में पत्रकारों को साथ लेकर कार्य किया जा रहा है। भविष्य में भी जिला प्रशासन और मीडिया आपस में समन्वय स्थापित कर समाज हित की बात करता रहेगा।
कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ महापौर दुष्यंत भट्ट ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर नगर पालिका समालखा के चेयरमैन अशोक कुछ्ल, पार्षद विजय जैन रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एम एल डाहरिया, डीआईपीआरओ कुलदीप बांगड़,समाजसेवी बृजमोहन शर्मा, राजीव जैन भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आरपी वशिष्ठ और जिला अध्यक्ष सुमित भारद्वाज ने सभी का प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी की ओर से धन्यवाद किया और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य को पत्रकारों की मांगों से संबंधित ज्ञापन भी दिया। कार्यक्रम में पत्रकारों को बीमा पॉलिसी भी वितरित की गई।

Comments