लूट की वारदात में संलिप्त आरोपी को दिल्ली तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर सीआईए टू की टीम ने की गहनता से पूछताछ.
BOL PANIPAT : 03 फरवरी 2023, मित्तल मेगा मॉल के पास जून 2022 में एक बाइक सवार दो युवकों से पिस्तौल के बल पर 8 लाख 64 हजार रूपए लूट की वारदात में एक आरोपी को दिल्ली की तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर सीआईए टू की टीम ने गहनता से पूछताछ की। मामले में दो आरोपियों को वारदात के महज एक सप्ताह के दौरान ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
लूटे गए रूपयों से भरे बैग को वारदात के कुछ समय बाद ही पुलिस टीम द्वारा बरामद कर लिया गया था
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी थी। आरोपी सैक्टर 25 में पुलिस की गाड़ी को देखकर रूपयों से भरे बैग को सड़क पर ही फैक कर फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने बैग को हिरासत में लेकर जांच की तो उसमे पूरी राशि सुरक्षित मिली थी।
थाना चांदनी बाग में मोहित पुत्र गिरश निवासी विकाश नगर पानीपत ने शिकायत देकर बताया था की वह एनएफएल के पीछे जय बलजीत कम्युनिकेशन नाम की मोबाइल की दुकान पर नोकरी करता है। दुकान के मालिक भरत सिंह निवासी विकाश नगर ने उसको 1 जून को बैंक से पैसे निकलवाने के लिए 7 लाख 14 हजार रूपए के दो चेक व डेढ़ लाख रूपए नगद दिए थे। उक्त सारे पैसे बिग बाजार में स्थित मनी ट्रान्सफर के ऑफिस में जमा करवाने थे। वह अपने दोस्त देवेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर पहले पैसे निकलवाने के लिए जीटी रोड पर संजय चौक के पास आईसीआईसीआई बैंक में गया। बैंक से पैसे निकलवाकर सैक्टर 25 में बिग बाजार में मनी ट्रान्सफर के ऑफिस में पैसे जमा करवाने के लिए वह दोनों बाइक से जा रहे थे। बाइक देवेंद्र चला रहा था और वह पैसों से भरा थेला लेकर पीछे बैठा हुआ था। जब वह बिग बाजार के समीप पहुंचे तो पीछे से बगैर नंबर प्लेट लगी एक प्लेटीना बाइक पर तीन अज्ञात युवक सवार होकर आए और बाइक उनके आगे अड़ा दी। बाइक के रोकते ही आरोपियों ने उसकी छाती में पिस्तौल सटा दी और रूपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना चांदनी बाग में आईपीसी की धारा 341ए 379बीए 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए थे।
सीआईए.टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में कार्रवाही करते हुए वारदात के महज 5 दिन बाद ही आरोपी सुशील व कुलदीप निवासी टोंडी खेड़ी सफीदों जीन्द को सौदापुर अड्डे से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने साथी आरोपी सौरभ पुत्र राजू निवासी सिंघाना जीन्द के साथ मिलकर रेकी कर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद पुलिस टीम ने वारदात में संलिप्त फरार आरोपी सौरभ की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी सौरभ की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दंबिस दे रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठिकाने बदल कर छुपकर रह रहा था। पुलिस टीम को गत दिनों जानकारी मिली थी की आरोपी सौरभ कुछ दिन पहले दिल्ली में अवैध हथियार के मामले में गिरफ्तार हुआ है, वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। सीआईए टू पुलिस की टीम ने वीरवार को तिहाड़ जेल से आरोपी सौरभ को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गहनता से पूछताछ की। आरोपी ने पूछताछ में साथी आरोपी सुशील व कुलदीप के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने आरोपी सौरभ को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments