बिशन स्वरूप कॉलोनी में छोटे वाहनों के लिए निगम बनाएगा अलग से रैंप: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
अंडरपास निर्माण में देरी पर विधायक प्रमोद विज सख्त, रेलवे अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश
बारिश से पहले पूरे हों अंडरपास के कार्य, प्रशासन ने तय की समयसीमा
आजाद नगर, बिशन स्वरूप कॉलोनी और गोहाना फ्लाईओवर अंडरपास का निरीक्षण, अधिकारियों से मांगा जवाब
जनता की परेशानी पर प्रशासन गंभीर, जून तक दीवार और शेड कार्य पूरा होने की उम्मीद
BOL PANIPAT , 8 मई। शहर में निर्माणाधीन रेलवे अंडरपासों के कार्य में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सख्त रुख अपनाया। शहरी विधायक प्रमोद विज और उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने पहले जिला सचिवालय में स्थित उपायुक्त कार्यालय में बैठक कर समीक्षा की और तत्पश्चात आजाद नगर अंडरपास, बिशन स्वरूप कॉलोनी तथा गोहाना फ्लाईओवर के नीचे निर्माणाधीन रेलवे अंडरपासों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे विभाग, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रमोद विज ने अधिकारियों से निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारणों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर के हजारों लोग प्रतिदिन इन रास्तों का उपयोग करते हैं और कार्य में लगातार देरी से आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आ रही है, उसे तुरंत दूर किया जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। प्रमोद विज ने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और तय समयसीमा में परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने यह भी कहा कि अंडरपास केवल यातायात सुविधा नहीं बल्कि शहर की मूलभूत जरूरत हैं और इनका समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है।

उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यदि बारिश के मौसम से पहले कार्य पूरा नहीं हुआ तो लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी एजेंसियां समन्वय स्थापित कर कार्य को समय पर पूरा करें। उपायुक्त ने निगम के चीफ इंजीनियर, रेलवे इंजीनियरों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर ही कई आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि निर्माण प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को तुरंत दूर किया जा सके। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विधायक व उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य लंबा खिंचने के कारण रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है। कई क्षेत्रों में जलभराव और रास्तों की खराब स्थिति से स्थानीय निवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों की मांग पर उपायुक्त डॉ. दहिया ने बिशन स्वरूप कॉलोनी में छोटे वाहनों के लिए अलग से रैंप बनाने के निर्देश भी निगम के चीफ इंजीनियर को दिए। उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बदलाव किए जाएंगे ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रमोद विज और उपायुक्त ने निर्माण कार्य की विभिन्न बारीकियों का जायजा लिया और देरी को लेकर अधिकारियों से जवाब तलब किया। इस दौरान मौके पर मौजूद इंजीनियरों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रशासन और स्थानीय विधायक ने उम्मीद जताई कि जून माह तक अंडरपासों में शेड और दीवारों से संबंधित प्रमुख कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। रेलवे और निगम अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएंगे। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, सीनियर सेक्शन ऑफिसर संदीप कल्याण, निगम चीफ इंजीनियर रमेश बागड़ी सहित रेलवे, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments